कोटद्वार में एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट और बाल कल्याण समिति की सतर्कता से 8 वर्षीय गुमशुदा बालक परिजनों से मिला
पौड़ी/कोटद्वार। जिला प्रशासन पौड़ी के प्रयासों से एक आठ वर्षीय गुमशुदा बालक को उसके परिजनों से मिलाया गया है। जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया के निर्देशन में कार्य कर रही एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट कोटद्वार और बाल कल्याण समिति पौड़ी की संयुक्त कार्यवाही से यह सफलता प्राप्त हुई।

जिला परिवीक्षा अधिकारी अरविंद कुमार ने जानकारी दी कि दिल्ली निवासी बालक हर्ष कुमार 3 अगस्त को बिना किसी अभिभावक के ट्रेन से कोटद्वार पहुंच गया था। अगले दिन 4 अगस्त को वह कोटद्वार रेलवे स्टेशन पर अकेला पाया गया। इस पर एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट प्रभारी सुमन लता और बाल कल्याण समिति के अध्यक्ष राकेश चंद्र बिडालिया ने बालक से संवाद स्थापित किया।
बालक की जानकारी के आधार पर दिल्ली पुलिस की मदद ली गई और उसके पिता से संपर्क स्थापित कर उन्हें कोटद्वार बुलाया गया। 5 अगस्त की सुबह बालक को विधिवत रूप से उसके पिता को सौंपा गया और उनसे बच्चे की देखभाल के लिए लिखित आश्वासन भी प्राप्त किया गया।
जिला बाल संरक्षण अधिकारी अरविंद कुमार ने इस कार्य में जुटी एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट और बाल कल्याण समिति के समन्वित प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इस संवेदनशील और सतर्क पहल से एक मासूम को सुरक्षित रूप से उसके परिवार से मिलाना संभव हो सका।
