मुख्यमंत्री ने पौड़ी जनपद में आपदा राहत कार्यों की ली जानकारी, प्रभावितों को शीघ्र सहायता के निर्देश
पौड़ी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया से फोन पर बातचीत कर जनपद पौड़ी में हुई भारी बारिश और प्राकृतिक आपदा से हुई क्षति की जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने राहत एवं बचाव कार्यों की अद्यतन स्थिति जानने के साथ-साथ प्रभावितों को तत्काल सहायता पहुंचाने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने आपदा में हुई जनहानि पर गहरा दुःख व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य सरकार प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है और हर संभव सहायता प्रदान की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी प्रभावित व्यक्ति को किसी भी प्रकार की कमी न हो, आवश्यक वस्तुएं समय पर उपलब्ध कराई जाएं।
जिलाधिकारी ने मुख्यमंत्री को अवगत कराया कि राहत एवं बचाव कार्यों में जिला प्रशासन तत्परता से कार्य कर रहा है। स्वास्थ्य दलों को मेडिकल किट्स के साथ रवाना कर दिया गया है। लोक निर्माण विभाग द्वारा बाधित सड़कों को खोलने का कार्य लगातार जारी है। कुछ दुर्गम क्षेत्रों में राहत दल पैदल ही पहुंच रहे हैं।
प्रशासन द्वारा खाद्य सामग्री, पेयजल और विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के प्रयास किए जा रहे हैं। साथ ही वैकल्पिक व्यवस्थाएं भी तैयार की गई हैं। राजस्व एवं पुलिस विभाग के अधिकारी मौके पर मौजूद हैं। प्रभावित क्षेत्रों का सर्वेक्षण किया जा रहा है और खतरे की जद में आए परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर स्थानांतरित किया जा रहा है।
जिलाधिकारी ने मुख्यमंत्री को बुरांसी और बांकुड़ा गांवों में हुई जनहानि की जानकारी भी दी। मुख्यमंत्री ने घटना पर गहरा शोक प्रकट करते हुए प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार आपदा की इस घड़ी में पूरी तरह से जनता के साथ है।
