उत्तराखंडकोटद्वार

भारी बारिश से जनहानि, पुल ध्वस्त; जिलाधिकारी की निगरानी में राहत कार्य जारी

पौड़ी जनपद में लगातार हो रही भारी वर्षा के चलते आपदा की गंभीर स्थिति बनी हुई है। जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया स्वयं ग्राउंड ज़ीरो पर राहत और बचाव कार्यों की निगरानी कर रही हैं।

पौड़ी तहसील के बुरांसी गांव में दो महिलाओं के मलबे में दबने की सूचना प्राप्त हुई थी, जिसमें से एक महिला का शव बरामद कर लिया गया है, जबकि दूसरी महिला की खोजबीन प्रशासन और आपदा राहत बल द्वारा जारी है।

इसी प्रकार, थलीसैंण तहसील के बांकुड़ा गांव में पांच नेपाली मजदूरों के बहने की सूचना प्राप्त हुई है, जिनकी तलाश अभियान भी युद्धस्तर पर चलाया जा रहा है।

पाबौ क्षेत्र के कलगाड़ी के समीप राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित पुल भारी बारिश के कारण क्षतिग्रस्त हो गया है। जिलाधिकारी ने बताया कि मार्ग बहाली हेतु बैली ब्रिज मंगवाया जा रहा है, ताकि आवागमन पुनः सुचारु हो सके। प्रशासन द्वारा सभी प्रभावित क्षेत्रों में राहत सामग्री जैसे ड्राई राशन, पेयजल, जीवन रक्षक दवाएं व इमरजेंसी लाइट्स पहुंचाई जा रही हैं। साथ ही, लोगों को सुरक्षित स्थानों पर स्थानांतरित करने की कार्रवाई भी की जा रही है।

जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों — राजस्व, लोनिवि, पुलिस, पशुपालन, स्वास्थ्य, आपदा प्रबंधन आदि को निर्देशित किया है कि वे सतत निगरानी बनाए रखें तथा आपदा राहत कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता पर पूर्ण करें।

जिला नियंत्रण कक्ष के माध्यम से सभी घटनाओं की निरंतर मॉनिटरिंग की जा रही है, एवं जिलाधिकारी ने आमजन से भी सावधानी बरतने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *