जिलाधिकारी ग्राउंड ज़ीरो पर, राहत-बचाव कार्य युद्धस्तर पर जारी
रैदुल, बुरासी एवं बांकुड़ा में प्रभावितों की मदद के लिए विभागीय टीमें सक्रिय।
पौड़ी। पौड़ी जनपद की तहसील पौड़ी अंतर्गत रैदुल क्षेत्र में भूस्खलन की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया स्वयं मौके के लिए रवाना हुईं। जिलाधिकारी ने घटनास्थल पर पहुंचकर विभागीय अधिकारियों के साथ स्थिति का गहन निरीक्षण किया एवं सड़क मार्ग से मलबा हटवाकर यातायात बहाल कराया।

प्रभावित परिवारों को राहत केंद्रों में स्थानांतरित करने, उन्हें भोजन, जीवन रक्षक दवाएं, पेयजल, इमरजेंसी लाइट्स तथा पशुओं के लिए चारा उपलब्ध कराने की कार्यवाही तेज़ी से की जा रही है।
जिलाधिकारी ने राजस्व विभाग को निर्देश दिए कि वे रैदुल समेत जनपद के अन्य प्रभावित क्षेत्रों में जान-माल की क्षति का तत्काल सर्वेक्षण करें और रिपोर्ट प्रस्तुत करें।
इसी क्रम में, तहसील पौड़ी के बुरासी तथा थलीसैंण तहसील के बांकुड़ा गांव में भी आपदा से हुई हानि का मूल्यांकन युद्धस्तर पर किया जा रहा है। कई बंद मोटर मार्गों को खोल दिया गया है तथा अन्य मार्गों पर बहाली का कार्य प्राथमिकता के आधार पर जारी है।
जिलाधिकारी द्वारा पशुधन हानि की स्थिति में त्वरित पशुचिकित्सा सेवाएं और योजनागत सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही, संभावित खतरों वाले क्षेत्रों में लोगों को सुरक्षित स्थानों पर स्थानांतरित करने की वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है।
प्रभावित ग्राम पंचायतों के ग्राम विकास अधिकारियों एवं ग्राम पंचायत विकास अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि स्थिति सामान्य होने तक वे प्रभावित क्षेत्रों में मौजूद रहें।
पैक्ड फूड और ड्राई राशन की उच्च गुणवत्ता सुनिश्चित करने हेतु उपजिलाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं।
आपदा की गंभीरता को देखते हुए राजस्व, पुलिस, लोक निर्माण, विद्युत, खाद्य एवं रसद आदि विभागों को तत्काल प्रभावित क्षेत्रों में तैनात किया गया है।
जिलाधिकारी ने बताया कि मुख्य विकास अधिकारी एवं अपर जिलाधिकारी जिला नियंत्रण कक्ष से सभी प्रभावित क्षेत्रों की निरंतर मॉनिटरिंग कर रहे हैं।
प्रशासन पूरी सतर्कता और संवेदनशीलता के साथ स्थिति पर नजर बनाए हुए है। असुरक्षित मोटर मार्गों पर अनावश्यक आवागमन से बचने और सतर्कता बरतने की अपील भी की गई है।
