पौड़ी शहर से 15 आवारा पशु गौशाला में शिफ्ट
*जिलाधिकारी के निर्देश पर नगर पालिका की कार्रवाई*
पौड़ी। नगर क्षेत्र में आवारा पशुओं की समस्या के समाधान के लिए जिला प्रशासन और नगर पालिका परिषद पौड़ी द्वारा लगातार कदम उठाए जा रहे हैं। इसी क्रम में जुलाई माह के दौरान शहर के विभिन्न हिस्सों से 15 आवारा गायों को पकड़कर सर्किट हाउस स्थित द्वारीधार गौशाला में शिफ्ट किया गया है।

नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी शांति प्रसाद जोशी ने बताया कि द्वारीधार में दो गौशालाएं संचालित हैं, जिनमें से एक पूर्ण क्षमता (35 गायें) के साथ भर चुकी है और दूसरी में अभी 15 गायें हैं, जिसकी शेष क्षमता 20 पशुओं की है।
उन्होंने बताया कि जैसे ही इन गौशालाओं की पूरी क्षमता भर जाएगी, शेष आवारा पशुओं को विकासखंड पाबौ के सिलेथ गांव में नवनिर्मित गौशाला में भेजा जाएगा। सिलेथ स्थित गौशाला का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है और जल्द ही बिजली-पानी की सुविधा सुनिश्चित कर संचालन प्रारंभ कर दिया जाएगा। इस गोशाला का संचालन स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से किया जाएगा।

नगर पालिका ने यह भी बताया कि किसी भी बीमार या बेसहारा पशु की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जाती है। हाल ही में त्रिशूल पार्क के पास एक बीमार गाय को उपचार के बाद गौशाला में शिफ्ट किया गया। समय-समय पर पशु चिकित्सा विभाग की टीम भी गौशालाओं का निरीक्षण और उपचार करती रहती है।
इन प्रयासों से जहां सड़कों पर यातायात व्यवस्था सुधरी है, वहीं पशुओं की देखरेख और सुरक्षा भी सुनिश्चित हो रही है।

