उत्तराखंडद्वारीखालपौड़ी

द्वारीखाल ब्लॉक मुख्यालय में 31 जुलाई को प्रातः 8 बजे से शुरू होगी मतगणना

प्रशासन ने की सभी व्यवस्थाएं पूर्ण, सुरक्षा के पुख्ता इंतज़ाम

द्वारीखाल। त्रिस्तरीय पंचायत सामान्य निर्वाचन 2025 के तहत द्वारीखाल ब्लॉक मुख्यालय में 31 जुलाई को प्रातः 8 बजे से मतगणना प्रक्रिया प्रारंभ होगी। मतगणना को शांतिपूर्ण, पारदर्शी और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन की ओर से सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

मतगणना स्थल पर सुरक्षा के व्यापक इंतज़ाम किए गए हैं। आवश्यक संख्या में पुलिस बल, होमगार्ड व पीआरडी जवान तैनात कर दिए गए हैं। प्रशासन द्वारा मतगणना स्थल की बैरिकेडिंग, सीसीटीवी निगरानी, विद्युत आपूर्ति, पेयजल और शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाओं को सुचारू रूप से उपलब्ध कराया गया है।

बुधवार को दिनभर विभिन्न प्रत्याशियों के एजेंट मतगणना संबंधी प्रक्रिया को लेकर सक्रिय नजर आए। उन्हें पास जारी किए गए, साथ ही मतगणना प्रक्रिया और नियमों से अवगत कराया गया।

प्रशासन द्वारा यह भी सुनिश्चित किया गया है कि मतगणना के दौरान मोबाइल फोन या किसी भी इलेक्ट्रॉनिक उपकरण के उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। मतगणना प्रक्रिया के हर चरण की वीडियोग्राफी कराई जाएगी, जिससे किसी प्रकार की गड़बड़ी की गुंजाइश न रहे।

द्वारीखाल विकासखंड में कुल 14 टेबलों पर मतगणना कराई जाएगी। प्रशासन ने सभी कार्मिकों को उनके कर्तव्यों के प्रति सजग और जिम्मेदार रहने के निर्देश दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *