उत्तराखंडद्वारीखालपौड़ी

800 मीटर पहाड़ी कटान न होने से मोटरमार्ग अधूरा, बाड़ियूं और ग्वील शिवालय के ग्रामीण परेशान

द्वारीखाल। रिंगलपानी-मांडलू मोटर मार्ग से जुड़ने वाला संपर्क मार्ग जसपुर होते हुए छतिण्डा तक तो मोटर मार्ग से जुड़ गया है, लेकिन छतिण्डा ग्रामसभा का बाड़ियूं क्षेत्र अब भी सड़क सुविधा से वंचित है। ग्रामीणों के अनुसार, मनरेगा के तहत बाड़ियूं तक मोटर सड़क निर्माण की प्रक्रिया शुरू हुई थी, लेकिन लगभग 800 मीटर पहाड़ी कटान का कार्य अधूरा रहने के कारण यह परियोजना अधर में लटक गई है।

इस अधूरी सड़क ने न केवल मोटर मार्ग का सपना अधूरा छोड़ दिया, बल्कि पारंपरिक पैदल रास्ते भी क्षतिग्रस्त हो गए हैं, जिससे ग्वील शिवालय और बाड़ियूं के ग्रामीणों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। विशेषकर बुजुर्गों, स्कूली बच्चों और मरीजों को आवाजाही में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

छतिण्डा निवासी सुभाष भट्ट ने बताया कि, “एक ओर छतिण्डा तक मोटर मार्ग पहुंच गया है और दूसरी ओर रणेथ तक भी सड़क है। यदि इन दोनों बिंदुओं के बीच की मात्र 800 मीटर पहाड़ी का कटान पूरा हो जाए, तो बाड़ियूं, ग्वील शिवालय समेत पूरे क्षेत्र को इसका सीधा लाभ मिलेगा।”

ग्रामीणों ने जनप्रतिनिधियों और संबंधित विभागों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा है कि यह मुद्दा लंबे समय से उठाया जा रहा है, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं की गई है। क्षेत्रीय जनता ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ, तो वे आंदोलन या धरना-प्रदर्शन का रास्ता अपनाने पर मजबूर होंगे।

यह लापरवाही किसी भी वक्त भारी पड़ सकती है, खासकर बरसात के मौसम में जब रास्ते पूरी तरह खतरनाक हो जाते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *