मैक्स गाड़ी खाई में गिरी, चालक घायल
द्वारीखाल/जाखणीखाल। जाखणीखाल तहसील के अंतर्गत सिलोगी-ब्यासघाट मोटर मार्ग पर एक दर्दनाक हादसे में एक मेक्स गाड़ी अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। यह दुर्घटना पुलनाबड़ इंटर कॉलेज के नीचे सुरकाटल के निकट सोमवार शाम की बताई जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गाड़ी पहले सड़क की ऊपरी साइड में एक बड़े पत्थर से टकराई और फिर अनियंत्रित होकर नीचे गहरी खाई में गिर गई। गनीमत रही कि दुर्घटना के समय वाहन में केवल चालक ही मौजूद था।

घटना के बाद स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और चालक को खाई से बाहर निकालकर उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया गया। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि चालक को गंभीर चोटें आई हैं, लेकिन समय पर राहत मिलने के कारण उसकी जान बच सकी।
सूत्रों के अनुसार दुर्घटनाग्रस्त वाहन और चालक दोनों व्यासघाट के निकट बागी गांव के हैं।
प्रशासन की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।
