कावड़ यात्रा मार्ग पर खाद्य प्रतिष्ठानों का संयुक्त निरीक्षण
यमकेश्वर/पौड़ी। नीलकंठ क्षेत्र में जारी कावड़ यात्रा-2025 के दौरान यात्रियों को शुद्ध और सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन की सक्रिय पहल जारी है। जिलाधिकारी के निर्देशानुसार, शनिवार को खाद्य सुरक्षा विभाग, नागरिक आपूर्ति विभाग, पुलिस व वन विभाग की संयुक्त टीम ने नीलकंठ पैदल मार्ग पर स्थित खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण व सर्वेक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी सुश्री रचना, खाद्यान्न आपूर्ति निरीक्षक ज्योति नेगी, पुलिस बल एवं वन विभाग के प्रतिनिधियों ने खाद्य व्यापारियों और फूड स्टाल संचालकों को साफ-सफाई, गुणवत्ता एवं खाद्य भंडारण मानकों के पालन हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
टीम ने विशेष रूप से यह सुनिश्चित किया कि किसी भी प्रकार की मिलावटी या खराब खाद्य सामग्री का प्रयोग अथवा विक्रय न हो। यात्रियों के स्वास्थ्य और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का संदेश देते हुए अधिकारियों ने व्यापारियों से पूर्ण सहयोग की अपील की।
संयुक्त निरीक्षण का उद्देश्य कावड़ यात्रा मार्ग को स्वस्थ, सुरक्षित एवं श्रद्धालुओं के अनुकूल बनाए रखना है।

