गुमालगांव जिला पंचायत सीट से संतोष भट्ट चुनाव मैदान में
*मूल-निवास, भू-कानून व महिला सुरक्षा की लड़ाई में रही अग्रणी भूमिका*
यमकेश्वर। ग्राम बूंगा निवासी राजनीतिशास्त्र में पोस्ट ग्रेजुएट श्रीमती सन्तोष भट्ट ने यमकेश्वर विधानसभा की गुमालगांव जिला पंचायत सीट से अपना नामांकन दाखिल किया है। श्रीमती भट्ट पिछले कई वर्षों से सामाजिक कार्यों में सक्रिय हैं और निरंतर उत्तराखंड के पर्वतीय समाज के अधिकारों व समस्याओं को लेकर मुखर रही हैं।

वर्तमान में वे उत्तराखंड क्रांति दल महिला प्रकोष्ठ की केंद्रीय महामंत्री हैं और इससे पूर्व यमकेश्वर ब्लॉक अध्यक्ष भी रह चुकी हैं। उन्होंने मूल-निवास, भू-कानून, जल-जंगल-जमीन के पुश्तैनी अधिकार, बेरोजगारी, सड़क, शिक्षा व स्वास्थ्य व्यवस्था जैसे ज्वलंत मुद्दों पर जनहित में लगातार संघर्ष किया है।
श्रीमती सन्तोष भट्ट ने अंकिता भंडारी हत्याकांड के खिलाफ न्याय की लड़ाई में भी सक्रिय भागीदारी निभाई और कई रैलियों-जुलूसों में शामिल रही।
प्रत्याशी के रूप में अपने विचार साझा करते हुए उन्होंने कहा, “मैंने हमेशा पर्वतीय समाज के हितों के लिए आवाज उठाई है। यदि जनता मुझे प्रतिनिधि बनाकर भेजती है तो मैं महिला सुरक्षा, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, स्थानीय रोजगार, कृषि, बागवानी, पशुपालन, बेहतर सड़कें व अस्पताल जैसी मूलभूत आवश्यकताओं पर प्राथमिकता से कार्य करूंगी। मेरे लिए क्षेत्र का हित सर्वोपरि है।”
अब यह जनता को तय करना है कि वह बदलाव की इस बुलंद होती आवाज़ को कितना समर्थन देती है। वर्षों से क्षेत्र की उपेक्षित समस्याओं के समाधान के लिए संघर्ष कर रहीं सन्तोष भट्ट अब जनप्रतिनिधि बनने की दहलीज पर हैं। आने वाले चुनावी परिणाम यह साफ करेंगे कि जनता उनके विज़न और वायदों पर कितना विश्वास जताती है।
