उत्तराखंड

उत्तिण्डा के भट्टी खोड़ा में झूलता बिजली का पोल बना खतरा, विभाग बेपरवाह

ग्रामीणों में दहशत, DM के आदेशों के बावजूद नहीं हुई मरम्मत

द्वारीखाल ब्लॉक की ग्राम पंचायत उत्तिण्डा के भट्टी खोड़ा तोक में एक घर के ऊपर लटका बिजली का पोल खतरे की घंटी बना हुआ है। यह पोल वचन सिंह रावत के घर के ठीक ऊपर गिरा हुआ है और कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है, लेकिन संबंधित विभाग आंख मूंदे बैठा है।

परिवार की महिला सदस्य भागीरथी देवी का कहना है कि, “हम दिन-रात डर के साए में जी रहे हैं, घर में कभी बिजली का करंट फैल सकता है घर के अंदर जाने में बहुत डर लगता है।”

यह क्षेत्र सतपुली विद्युत वितरण उपखंड के अधीन आता है। जिला प्रशासन द्वारा पहले ही जर्जर पोलों और झूलती तारों की मरम्मत के निर्देश दिए जा चुके हैं, लेकिन बिजली विभाग ने अब तक कोई कार्रवाई नहीं की है।

स्थानीय ग्रामीणों ने आशंका जताई है कि यदि जल्द कोई कदम नहीं उठाया गया, तो यह लापरवाही किसी बड़े हादसे का कारण बन सकती है। ग्रामीणों ने मांग की है कि प्रशासन तत्काल हस्तक्षेप कर इस समस्या का समाधान करवाए।

प्रशासनिक निष्क्रियता पर सवाल खड़े हो रहे हैं कि आखिर आदेश के बावजूद विभाग क्यों नहीं कर रहा कार्रवाही?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *