उत्तराखंडपौड़ी

पंचायत चुनाव 2025: पीठासीन अधिकारियों का द्वितीय प्रशिक्षण संपन्न, मतदान की गोपनीयता सर्वोपरि – डीएम

पौड़ी। जनपद में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव-2025 की तैयारियों को लेकर गुरुवार को पीठासीन अधिकारियों को द्वितीय चरण का प्रशिक्षण दिया गया। संस्कृति विभाग के प्रेक्षागृह में आयोजित प्रशिक्षण सत्र में 880 पीठासीन एवं मतदान अधिकारियों ने भाग लिया।

प्रशिक्षण के दौरान जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने मतदान प्रक्रिया की बारीकियों को समझाया और अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मतदान की शांति और गोपनीयता बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि मतदाता को मोबाइल फोन, कैमरा या कोई भी रिकॉर्डिंग उपकरण लेकर मतदान केंद्र में प्रवेश नहीं करने देना है।

डीएम ने अधिकारियों से कहा कि वे प्रशिक्षण को गंभीरता से लें और अगर किसी प्रकार की समस्या हो तो उसे वरिष्ठ अधिकारियों के साथ साझा करें। उन्होंने निर्देश दिया कि राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पूरी तरह पालन किया जाए।

उन्होंने आश्वासन दिया कि किसी भी आपदा या सड़क मार्ग बंद होने जैसी आपात स्थिति से निपटने के लिए प्रशासन पूरी तरह तैयार है। मतदान प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद मतपेटिका को सुरक्षित तरीके से जमा करने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए गए।

प्रशिक्षण में नोडल अधिकारी (प्रशिक्षण) दीपक रावत ने मतदान प्रक्रिया से जुड़ी तकनीकी जानकारियां साझा कीं। उन्होंने बताया कि पेपर सील की जानकारी संबंधित लेखा डायरी में अवश्य दर्ज होनी चाहिए। यदि कोई अभिकर्ता पेपर सील की संख्या नोट करना चाहता है, तो उसे रोका नहीं जाना चाहिए।

उन्होंने यह भी कहा कि मतदान शुरू होने से पूर्व पीठासीन अधिकारी निर्वाचक नामावली सभी अभिकर्ताओं या प्रत्याशियों को दिखाएं और मतदान की गोपनीयता बनाए रखने के नियमों से अवगत कराएं।

10 से 18 जुलाई तक सभी पीठासीन व मतदान अधिकारियों का प्रशिक्षण जारी रहेगा।

मतदान केंद्रों पर सभी टीमों के साथ सुरक्षाकर्मी तैनात रहेंगे।

शांतिपूर्ण और निष्पक्ष चुनाव हेतु

प्रशासन प्रतिबद्ध है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *