बासी रोटी” गीत से फेमस सनी भाई अब राजनीति में, क्यार पाली सीट से आजमाएंगे किस्मत
द्वारीखाल। सोशल मीडिया पर गढ़वाली गीतों के माध्यम से पहचान बना चुके संदीप कुमार उर्फ सनी भाई अब राजनीति में कदम रखने जा रहे हैं। उन्होंने त्रिस्तरीय पंचायत चुनावों में क्यार पाली सीट से क्षेत्र पंचायत सदस्य (बीडीसी) पद के लिए अपनी दावेदारी प्रस्तुत की है।

सनी भाई ने ‘बासी रोटी’ और ‘बासी भात’ जैसे गीतों के जरिए पहाड़ी संस्कृति और जनजीवन को सोशल मीडिया पर जीवंत कर दिया। उनकी गायकी न केवल मनोरंजन का माध्यम बनी, बल्कि क्षेत्रीय संस्कृति को भी नई पहचान दिलाई।
सनी भाई गढ़वाली लोकगायक होने के साथ-साथ एक पारंपरिक जागरी भी हैं। वे बचपन से ही अपने पिता के साथ जागर गाने का काम करते आ रहे हैं। जागर उत्तराखंड की लोकपरंपरा और सांस्कृतिक धरोहर का एक अहम हिस्सा है, जिसे सनी भाई आज की पीढ़ी तक पहुंचा रहे हैं।
राजनीति में उतरने के उद्देश्य पर उन्होंने कहा, “मैं संस्कृति के साथ-साथ समाज सेवा करना चाहता हूं। मेरा उद्देश्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को गांव-गांव तक पहुंचाना है, ताकि आम जनता को इनका लाभ मिल सके।”
स्थानीय लोगों में पहले से ही लोकप्रिय सनी भाई की दावेदारी से क्यार पाली क्षेत्र में चुनावी माहौल गर्मा गया है। समर्थकों को उम्मीद है कि वे क्षेत्र के विकास में नई ऊर्जा लेकर आएंगे।
