ईटीसी पौड़ी में बैंक सखी प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू, 51 महिलाओं को दी गई बैंकिंग की जानकारी
*ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम*
पौड़ी। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (NRLM) के अंतर्गत महिला स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी 51 चयनित बैंक सखियों को बैंकिंग सेवाओं की जानकारी देने के उद्देश्य से दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम की शुरुआत आज ईटीसी पौड़ी में हुई।
प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्घाटन परियोजना निदेशक डीआरडीए विवेक कुमार उपाध्याय ने किया। उन्होंने कहा कि बैंक सखी योजना ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और उन्हें वित्तीय सेवाओं से जोड़ने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने उम्मीद जताई कि प्रशिक्षण प्राप्त कर ये सखियां न केवल स्वयं सहायता समूहों को बैंकिंग सुविधाएं उपलब्ध कराएंगी, बल्कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी सशक्त बनाएंगी।

कार्यक्रम में विकासखंड नैनीडांडा, बीरोंखाल, रिखणीखाल और थलीसैंण से चयनित बैंक सखियों ने प्रतिभाग किया। प्रशिक्षण के दौरान राष्ट्रीय ग्रामीण विकास संस्थान, हैदराबाद के विशेषज्ञ गगन ने बैंक सखियों को बैंकिंग प्रणाली, स्वयं सहायता समूहों के क्रेडिट लिंकेज, ऋण प्रक्रिया, वित्तीय समावेशन और ग्राहक सेवा से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी दी।
प्रतिभागियों ने प्रशिक्षण के दौरान विभिन्न बैंकिंग प्रक्रियाओं को व्यवहारिक रूप में सीखा और उनसे संबंधित शंकाओं का समाधान भी प्राप्त किया।
इस अवसर पर वित्त समन्वयक धनंजय प्रसाद, ईटीसी प्रशिक्षण प्रभारी जितेन्द्र रौंतेला, कार्यक्रम समन्वयक दिनेश रावत सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी भी उपस्थित रहे।
