कलश यात्रा के साथ नौ दिवसीय देवी भागवत कथायज्ञ आरंभ
*16 जून को होगी कथा यज्ञ की पूर्णाहुति*
द्वारीखाल। पौराणिक सिद्धपीठ श्रीनीलकंठ महादेव मंदिर, पुल्यासू में नौ दिवसीय श्रीमद्देवी भागवत कथायज्ञ का शुभारंभ भव्य कलश यात्रा के साथ शुरू हुआ। कथा प्रवचन आचार्य मनोज मोहन शास्त्री द्वारा किया जा रहा है। पहले दिन के प्रवचन में उन्होंने देवी मांहात्म्य की महिमा का विस्तारपूर्वक वर्णन किया, जिसे सुनकर श्रद्धालु भावविभोर हो गए।

जगतजननी मां भगवती की दिव्य कथाओं को सुनने ग्रामवासियों सहित आसपास के क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। कार्यक्रम के आयोजक दिकपाल सिंह नेगी एवं सते सिंह नेगी ने व्यासपीठ पर विराजमान कथावाचक, आचार्यगणों, सहयोगी समिति सदस्यों और श्रद्धालु श्रोताओं का हृदय से आभार प्रकट किया।

कथा स्थल पर भक्तों के लिए भंडारे की व्यवस्था की गई है, जो पूरे नौ दिनों तक अनवरत चलेगा। आज का भंडारा योगपाल सिंह नेगी द्वारा दिया जा रहा है। कार्यक्रम की पूर्णाहुति 16 जून को हवन यज्ञ एवं प्रसाद वितरण के साथ होगी।

श्रीनीलकंठ महादेव मंदिर समिति, महिला मंगल दल एवं युवा मंगल दल द्वारा विशेष सहयोग दिया जा रहा है।
आयोजकों ने श्रद्धालुओं से अनुरोध किया है कि वे अधिक से अधिक संख्या में पहुँचकर इस आध्यात्मिक आयोजन का लाभ उठाएं।
