ग्राम उत्तिण्डा श्रीरामकथा में प्रमुख प्रशासक द्वारीखाल महेंद्र सिंह राणा हुए सम्मिलित
धर्म और संस्कृति की गूंज से गूंजा गाँव, कथा स्थल पर उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब
द्वारीखाल। ग्राम पंचायत उत्तिंडा, विकास खंड द्वारीखाल, जनपद पौड़ी गढ़वाल में 28 मई से 5 जून 2025 तक धर्म, भक्ति और लोकसंस्कृति से ओतप्रोत श्रीराम कथा का भव्य आयोजन किया जा रहा है। इस पावन अनुष्ठान में क्षेत्र के ग्रामीणजन अत्यंत श्रद्धा और आस्था के साथ भाग ले रहे हैं। कथा स्थल को आकर्षक रूप से सजाया गया है, और संपूर्ण गाँव धार्मिक वातावरण में सराबोर हो गया है।

आज विशेष अवसर पर द्वारीखाल ब्लॉक के प्रमुख प्रशासक महेंद्र सिंह राणा ने कार्यक्रम में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। उन्होंने कथा श्रवण कर प्रभु श्रीराम के आदर्शों को नमन किया और कहा कि “ऐसे धार्मिक आयोजनों से समाज में नैतिक मूल्यों की पुनः स्थापना होती है और सामाजिक एकता को बल मिलता है।”
कथावाचक आचार्य रमेश चंद्र बलूनी जी ने अत्यंत भावपूर्ण शैली में श्रीराम के जीवन से जुड़ी शिक्षाओं को सरल भाषा में प्रस्तुत किया, जिससे श्रोता भावविभोर हो उठे और कथा स्थल पर बार-बार जय श्रीराम के जयघोष गूंजते रहे।

कार्यक्रम के दौरान महेंद्र सिंह राणा जी ने मंदिर के सौंदर्यीकरण हेतु टीन शेड लगाए जाने एवं उसके नीचे फर्श पक्का कराए जाने की घोषणा की, जिसे सुनकर उपस्थित जनसमूह ने तालियों की गड़गड़ाहट से उनका अभिनंदन किया।
यह आयोजन ग्रामवासियों, मां बालकुंवारी मंदिर समिति, आदर्श रामलीला कमेटी एवं कीर्तन मंडली के संयुक्त प्रयास से संपन्न हो रहा है। ग्रामीणों ने मिलकर भविष्य में भी इस प्रकार के आध्यात्मिक आयोजनों को निरंतर जारी रखने का संकल्प लिया।
5 जून को श्रीरामकथा यज्ञ की पूर्णाहुति एवं भंडारे का आयोजन किया जाएगा, जिसमें समस्त क्षेत्रवासियों को प्रसाद ग्रहण करने हेतु सादर आमंत्रित किया गया है।
इस कार्यक्रम में मंदिर समिति अध्यक्ष राजेंद्र सिंह, कोषाध्यक्ष सुखपाल सिंह रावत, महावीर सिंह रावत, चक्रधर बलूनी, परमेश्वरानंद बलूनी, जयप्रकाश बलूनी, एवं प्रधान प्रशासक सीमा रावत सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
