जल वर्ष 2025 जल बचाने की पहल पर अनेक कार्यक्रम होंगे आयोजित
देहरादून। जल संकट की चुनौती के समाधान के लिए हिमालय पर्यावरण जड़ी बूटी एग्रो संस्थान जाड़ी वर्ष 2025 को जल वर्ष के रूप में मना रहा है। इस तरह के अभियान जल संरक्षण के लिए जागरूकता बढ़ाने का कार्य करने के साथ ही जल का महत्व एवं जल बचाने के लिए प्रेरित करेगा।

कल के लिए जलअभियान के प्रणेता द्वारिका प्रसाद सेमवाल ने बताया कि इसी परिप्रेक्ष्य में जल वर्ष 2025 के अंतर्गत कल दिनांक 22 अप्रैल 2025 को संस्थान द्वारा नदी, तालाब, कुएं, नौलों, धारों, पनियारों जैसे प्राकृतिक जल स्रोतों का पूजन कार्यक्रम है। यह कार्यक्रम राज्य भर के साथ देहरादून में भी शुरू किया जा रहा है।
देहरादून में दो स्थानों महादेवी कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय में सुबह 10 बजे एवं डी डी कॉलेज नींबूवाला में टौंस नदी नजदीक टपकेश्वर मंदिर में प्रात: 11 बजाकर 30 मिनट पर जल पूजन कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। उन्होंने ने आम नागरिकों से जल संरक्षण की अपील की एवं कार्यक्रम में सादर आमंत्रित किया है।
