पौड़ीयमकेश्वर

सरकार की सद्बुद्धि के लिए यूकेडी ने बीन नदी तट पर किया बुद्धि शुद्धि यज्ञ और उपवास

यमकेश्वर। आज उत्तराखण्ड क्रान्ति दल ब्लॉक इकाई यमकेश्वर ने उक्रांद संरक्षक डॉ० शक्तिशैल कपरवाण (वरिष्ठ राज्य आंदोलनकारी) के‌ नेतृत्व में यमकेश्वर की बीन नदी पर, कई वर्षों से लम्बित पुल निर्माण में उत्तराखंड सरकार के अनेक आश्वासनों की वादाखिलाफी के विरुद्ध प्रदेश सरकार की सद्बुद्धि के लिए बीन नदी में बुद्धि शुद्धि यज्ञ का आयोजन  किया।

बुद्धि यज्ञ में उक्रांद कार्यकर्ता एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं ने आहुतियां दी उसके बाद सबने उपवास रखा और वक्ताओं ने विचार व्यक्त और आक्रोश प्रकट किया।

डॉ० कपरवाण ने सरकार को शीघ्रातिशीघ्र बीन नदी पुल और कौडिया किमसार मोटर मार्ग को हॉटमिक्स डामरीकरण शुरू करने के लिए चेतावनी देते हुए एक दिन का उपवास रखा। दो-तीन बार पहले भी इस पुल का शिलान्यास की नौटंकी हम देख चुके हैं, हमें सोशल मीडिया में झूठी चिट्ठी पत्री का प्रपंच नहीं चाहिए हमें धरातल पर पुल निर्माण कार्य शुरू होता देखकर ही संतुष्टि मिलेगी वरना तीन महीने बाद हम अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन, सड़क जाम आदि विरोध प्रदर्शन शुरू करेंगे जिसकी पूरी जिम्मेदारी उत्तराखंड शासन प्रशासन की होगी।

कार्यक्रम संयोजक बी पी भट्ट ” सलाणी” ने कहा कि सबसे ज्यादा दिक्कत बरसात के दिनों में होती है। बच्चे स्कूल नहीं जा पाते बीमार लोगों को इलाज नहीं मिल पाता। उन्होंने कहा कि यदि यह पुल बन जाता है तो यमकेश्वर के अलावा दुगड्डा ब्लॉक को भी इसका फायदा मिलेगा। सावन माह में कांवड़ यात्रा एवं चारधाम यात्रा में ऋषिकेश को ट्रैफिक जाम से भी छुटकारा मिलेगा।

सोहनलाल अमोली ने कहा कि इस मार्ग पर फ्लाईओवर बन जाय तो जंगली जानवर, मनुष्य, जंगल और पर्यावरण सभी सुरक्षित रहेंगे।

ब्लॉक अध्यक्ष संतोष मलवाल भट्ट ने कहा कि इस राज्य में जो भी जल जंगल जमीन शिक्षा स्वास्थ्य रोजगार भ्रष्टाचार की बात उठाता है उस पर झूठे मुकदमे लगाए जाते हैं। लेकिन जब तक बर्न नदी पुल नहीं बनता और जनता को हक हकूक नहीं मिलते हमारी लड़ाई जारी रहेगी।

संगीता उनियाल ने कहा कि संपूर्ण डांडामण्डल एवं तालघाट के लिए बीन नदी पुल का बनना जरूरी है। उन्होंने कहा कि हम धामी सरकार को चेतावनी देना चाहते हैं कि जल्द से जल्द इस पुल का निर्माण कार्य शुरू किया जाय।

सामाजिक सुदेश भट्ट ने कहा कि बरसात में डांडामण्डल क्षेत्र एक तरफ सतेड़ी और दूसरी तरफ बीन नदी से घिर जाता है।मूलभूत आवश्यक वस्तुओं के लिए लोग तरस जाते हैं। उन्होंने कहा कि जब भी क्षेत्रीय समस्याओं के समाधान के लिए भी कोई भी संगठन आवाज उठाएगा मैं हमेशा उनके साथ रहूंगा।

11 अप्रैल 1989 के दिन कौड़िया किमसार मोटर मार्ग में बाधक पेड़ों को काटने वाले आंदोलन के आंदोलनकारी अर्जुन सिंह नेगी ने कहा कि यूकेडी के आंदोलन के बाद कौड़ियां किमसार मोटर मार्ग का निर्माण तो हुआ लेकिन अभी तक डामरीकरण नहीं हो पाया। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे क्षेत्रीय दल उत्तराखंड क्रांति दल को मजबूत बनाएं तभी हमारी समस्याओं का समाधान हो सकता है।

कार्यक्रम में उक्रांद यमकेश्वर ब्लॉक अध्यक्ष संतोष मलवाल भट्ट, संयोजक वी०पी०भट्ट ‘सलाणी’, संगीता उनियाल, होशियार सिंह भंडारी, उपेन्द्र पयाल, सुदेश भट्ट, देवेन्द्र पयाल, सोहनलाल अमोली, ऋषि रणाकोटि, सतेन्द्र नेगी, हरेंद्र नेगी, अर्जुन नेगी, देवदत्त डबराल, सतेश्वर प्रसाद अमोली, दीपक नेगी, विजेन्द्र सिंह, श्रीमती अनिता कोटियाल, शकुंतला कलूड़ा आदि उक्रांद कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *