आशीष नेगी और आशुतोष नेगी की रिहाई की मांग करते हुए पूर्व सैनिक भुवन कठायत ने आमरण अनशन शुरू किया
मुख्यमंत्री को लिखा पत्र
गैरसैंण। यूकेडी नेता आशुतोष नेगी एवं युवा उक्रांद के केंद्रीय अध्यक्ष आशीष नेगी की गिरफ्तारी के बाद पूर्व सैनिक भुवन कठायत ने 30 मार्च रात से भूख हड़ताल पर बैठने की घोषणा की है। इससे पहले वे ऋषिकेश विधायक पूर्व कैबिनेट मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल की मंत्री पद से बर्खास्तगी की मांग को आमरण अनशन कर चुके हैं। इसके साथ ही विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल की बर्खास्तगी की मांग करते हुए गैरसैंण से चौखुटिया तक पैदल यात्रा भी कर चुके हैं।

उन्होंने कहा कि कल रात को जैसे ही मुझे पता चला कि आशुतोष नेगी और आशीष नेगी ने जेल में अनशन शुरू कर दिया है तो मुझे बहुत दुख हुआ और मैंने भी कल रात को अनशन की घोषणा कर दी।
उन्होंने उत्तराखंड वासियों से आह्वान किया कि हम सबको आशुतोष नेगी और आशीष नेगी का साथ देना चाहिए।
इसके साथ ही उन्होंने उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को पत्र लिखकर 30 मार्च रात से भूख हड़ताल पर बैठने की सूचना देने के साथ ही यह भी लिखा है कि उत्तराखंड पुलिस द्वारा आशुतोष नेगी और आशीष नेगी को झूठे मुकदमे में गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है। इस तरह की कार्यवाही मूल निवासियों के साथ अत्याचार है।उन्होंने मुख्यमंत्री से इस प्रकरण का संज्ञान लेकर हस्तक्षेप करने का निवेदन किया है।

