शीतलहर से बचाव को लेकर प्रशासन अलर्ट, रैन बसेरों और अलाव की व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश
पौड़ी। सर्दी के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए जिला प्रशासन ने शीतलहर से बचाव की तैयारियां तेज कर दी हैं। जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने जिला कार्यालय स्थित एनआईसी कक्ष में संबंधित विभागों के अधिकारियों की बैठक लेकर जनसुरक्षा और राहत व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि ठंड के दौरान कोई भी निराश्रित अथवा जरूरतमंद व्यक्ति खुले में रात बिताने को मजबूर न हो।

जिलाधिकारी ने नगर निकायों और उपजिलाधिकारियों को रैन बसेरों में बिस्तर, कंबल, तकिए, पेयजल, शौचालय और हीटर जैसी सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही निराश्रित लोगों को चिह्नित कर रैन बसेरों तक पहुंचाने और जरूरतमंदों को निःशुल्क कंबल वितरित करने को कहा। बस स्टेशन, चौराहों, बाजारों, प्रमुख पड़ावों और सार्वजनिक स्थलों पर अलाव जलाने के निर्देश भी दिए।
पाला प्रभावित क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया है। लोक निर्माण विभाग को संवेदनशील मार्गों, तीखे मोड़ों और अधिक ठंड वाले स्थानों पर चूना-नमक का छिड़काव करने तथा बर्फबारी की आशंका वाले क्षेत्रों में अग्रिम तैयारियां रखने के निर्देश दिए गए।
निराश्रित पशुओं की सुरक्षा के लिए गौशालाओं में आश्रय, चारा, अलाव और दवाओं की व्यवस्था करने के साथ पशु मालिकों के विरुद्ध अभियान चलाकर चालान की कार्रवाई करने को कहा गया। स्वास्थ्य विभाग को ठंड से होने वाली बीमारियों, विशेषकर गर्भवती महिलाओं और स्ट्रोक के मरीजों के बचाव को लेकर जागरूकता अभियान चलाने तथा प्रमुख स्थानों पर होर्डिंग लगाने के निर्देश दिए।
बैठक में पूर्ति विभाग ने तीन माह का अग्रिम खाद्यान्न उपलब्ध कराने के लिए राशन मंगवाए जाने की जानकारी दी। जिलाधिकारी ने दूरस्थ क्षेत्रों में खाद्यान्न आपूर्ति बनाए रखने तथा यूपीसीएल को विद्युत आपूर्ति बाधित होने और फ्यूज उड़ने की स्थिति में त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय से कार्य करने और तैयारियों की नियमित रिपोर्टिंग सुनिश्चित करने को कहा। स्पष्ट किया कि शीतलहर, पाला और बर्फबारी के दौरान जनसुरक्षा में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक में अपर जिलाधिकारी पीआर चौहान, प्रभारी एसडीएम कृष्णा त्रिपाठी, सीवीओ डॉ. विशाल शर्मा, डीडीएमओ दीपेश काला सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

