रुड़की

शैफील्ड स्कूल में द्वितीय इंटर-स्कूल कबड्डी चैंपियनशिप का शुभारंभ, 15 टीमें दिखाएंगी दमखम

दो दिवसीय प्रतियोगिता में खिलाड़ियों के बीच होंगे रोमांचक मुकाबले, अतिथियों ने किया खेल भावना से प्रतिभाग करने का आह्वान

रुड़की। शैफील्ड स्कूल में बुधवार को द्वितीय इंटर-स्कूल कबड्डी चैंपियनशिप-2027 का भव्य शुभारंभ हुआ। दो दिवसीय प्रतियोगिता में क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों की 15 टीमें प्रतिभाग कर रही हैं। प्रतियोगिता का शुभारंभ मुख्य अतिथि सूरज चौधरी ने किया।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि सूरज चौधरी ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल केवल जीत और हार तक सीमित नहीं हैं, बल्कि ये जीवन में अनुशासन, आत्मविश्वास, धैर्य और नेतृत्व क्षमता विकसित करते हैं। कबड्डी में शारीरिक क्षमता के साथ रणनीति, त्वरित निर्णय और टीम के साथ बेहतर तालमेल की आवश्यकता होती है। उन्होंने खिलाड़ियों से पूरी मेहनत और खेल भावना के साथ प्रदर्शन करने का आह्वान किया।

विशिष्ट अतिथि संजय वत्स ने कहा कि विद्यालयी जीवन में खेलों का महत्व शिक्षा के समान है। खेल बच्चों के शारीरिक विकास के साथ उनके मानसिक और सामाजिक व्यक्तित्व को भी मजबूत बनाते हैं। कबड्डी हमारी मिट्टी से जुड़ा पारंपरिक खेल है, जिसमें साहस, रणनीति और टीम भावना का अनूठा समन्वय देखने को मिलता है।

विशिष्ट अतिथि मु. इकराम ने कहा कि कबड्डी टीम भावना का उत्कृष्ट उदाहरण है। खेल का मैदान बच्चों को अनुशासन, सहयोग और संघर्ष करना सिखाता है। उन्होंने खिलाड़ियों से खेल भावना के साथ प्रतिभाग कर अपने विद्यालय और अभिभावकों का नाम रोशन करने की अपील की।

विद्यालय के निदेशक डीके शर्मा ने कहा कि शैफील्ड स्कूल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए शिक्षा के साथ खेलों को भी समान महत्व देता है। उन्होंने प्रतियोगिता में प्रतिभाग कर रहे सभी विद्यालयों, खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और निर्णायकों का स्वागत किया।

उद्घाटन के साथ ही प्रतियोगिता के रोमांचक मुकाबले शुरू हो गए। मैदान में खिलाड़ियों का उत्साह देखने लायक रहा। आयोजन समिति के अनुसार, दो दिनों तक विभिन्न विद्यालयों की टीमें एक-दूसरे को चुनौती देंगी। प्रतियोगिता के समापन पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली टीमों और खिलाड़ियों को सम्मानित किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *