पौड़ी

संविधान के आदर्शों को व्यवहार में उतारकर जनसेवा को बनाएं पारदर्शी और जवाबदेह

पौड़ी में संविधान दिवस पर कलेक्ट्रेट और विकास भवन में शपथ कार्यक्रम, विद्यालयों में भी हुए आयोजन

पौड़ी। संविधान दिवस पर जनपद पौड़ी गढ़वाल में कलेक्ट्रेट और विकास भवन सहित विभिन्न शिक्षण संस्थानों में कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान संविधान की प्रस्तावना का पाठ कर लोकतांत्रिक मूल्यों, नागरिक अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति प्रतिबद्धता दोहराई गई।

कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने वर्चुअल माध्यम से अधिकारियों एवं कर्मचारियों को संविधान की शपथ दिलाई। अपर जिलाधिकारी पीआर चौहान ने कहा कि भारतीय संविधान देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था का आधार है। यह नागरिकों को समानता, स्वतंत्रता और न्याय का अधिकार प्रदान करता है तथा सभी के लिए समान अवसर की भावना को मजबूत करता है। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से संविधान के आदर्शों को अपने कार्य व्यवहार में उतारने और जनसेवा में पारदर्शिता, निष्पक्षता एवं संवेदनशीलता बनाए रखने का आह्वान किया।

सहायक निदेशक अभियोजन जावेद अहमद ने संविधान के विभिन्न प्रावधानों और उनके महत्व की जानकारी देते हुए भारतीय न्याय संहिता, भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता एवं भारतीय साक्ष्य अधिनियम की उपयोगिता पर प्रकाश डाला। उन्होंने समान नागरिक संहिता, डिजिटल सुविधाओं के विस्तार और पारदर्शी प्रशासनिक व्यवस्था से जुड़े विषयों पर भी जानकारी साझा की। कहा कि समानता, न्याय और भाईचारे की भावना को मजबूत करना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

विकास भवन में मुख्य विकास अधिकारी ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को संविधान की प्रस्तावना का पाठ कराते हुए शपथ दिलाई। उन्होंने कार्मिकों से संविधान में निहित मूल्यों, आदर्शों और मूल कर्तव्यों को आत्मसात कर कार्यों में निष्पक्षता, पारदर्शिता एवं जवाबदेही सुनिश्चित करने को कहा।

जनपद के सभी विद्यालयों में भी संविधान दिवस मनाया गया। विद्यार्थियों को संविधान की महत्ता, मौलिक अधिकारों, कर्तव्यों और लोकतांत्रिक मूल्यों की जानकारी देकर जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया गया।

कार्यक्रम में जिला सूचना विज्ञान अधिकारी मयंक शर्मा, मुख्य प्रशासनिक अधिकारी अजीत रावत एवं कुसुम तड़ियाल, अपर समाज कल्याण अधिकारी अनिल सेमवाल, एडीपीआरओ प्रदीप सुंदरियाल, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी गणेश ममगाईं, अपर सूचना विज्ञान अधिकारी हेमंत काला सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *