पौड़ी

130 साल से जीवंत है पुल्यासू की रामलीला की परंपरा, रात्रि जागरण को शुरू हुआ था मंचन

वैकुण्ठ चतुर्दशी पर संतान प्राप्ति की कामना से होने वाले रात्रि जागरण को मिला था रामलीला का स्वरूप, भरत मिलाप के मंचन ने किया भावविभोर

द्वारीखाल। पहाड़ की समृद्ध लोकसंस्कृति और धार्मिक परंपराओं को सहेजने की मिसाल ग्राम पुल्यासू की ऐतिहासिक रामलीला आज भी पूरी श्रद्धा और उत्साह के साथ जीवंत है। 130 वर्ष से अधिक पुरानी इस रामलीला का इतिहास केवल धार्मिक आयोजन तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके पीछे एक ऐसी परंपरा और सोच जुड़ी है, जिसने सामूहिक धार्मिक जागरण को सांस्कृतिक आयोजन का स्वरूप दिया। पीढ़ी दर पीढ़ी ग्रामीण इस विरासत को आगे बढ़ा रहे हैं।

श्री नीलकंठ महादेव मंदिर पुल्यासू में हरिबोधिनी एकादशी से रामलीला मंचन की शुरुआत होती है। प्रतिवर्ष वैकुण्ठ चतुर्दशी के दिन राम वनवास की लीला का मंचन किया जाता है। स्थानीय मान्यताओं के अनुसार, पूर्व में वैकुण्ठ चतुर्दशी की रात्रि को श्रद्धालु संतान प्राप्ति की कामना लेकर मंदिर में खड़रात्रि यानी पूरी रात जागरण किया करते थे। इस दौरान श्रद्धालु भगवान की आराधना में लीन रहते थे।

उस समय क्षेत्र के बुद्धिजीवियों ने इस परंपरा को सामूहिक और सांस्कृतिक स्वरूप देने के उद्देश्य से रामलीला मंचन शुरू करने का विचार किया। इससे श्रद्धालु भगवान श्रीराम की लीलाओं का दर्शन करते हुए पूरी रात जागरण भी कर सकें। इसी सोच के साथ शुरू हुई रामलीला की परंपरा आज 130 वर्ष से अधिक समय बाद भी निरंतर जारी है।

इस रामलीला की विशेषता यह है कि इसका आयोजन किसी औपचारिकता तक सीमित नहीं है, बल्कि ग्रामीणों की धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक विरासत से गहराई से जुड़ा है। समय के साथ कई पीढ़ियां बदल गईं, लेकिन रामलीला के प्रति ग्रामीणों का उत्साह और समर्पण आज भी बरकरार है।

इसी क्रम में मंगलवार रात्रि को रामलीला में भरत मिलाप की लीला का भावपूर्ण मंचन किया गया। भगवान श्रीराम और भरत के मिलन के प्रसंग ने दर्शकों को भावुक कर दिया। कलाकारों ने भाईचारे, त्याग, प्रेम, समर्पण और पारिवारिक मर्यादा के आदर्शों को अपने अभिनय से जीवंत किया। मंचन के दौरान श्रद्धालु रामभक्ति में लीन नजर आए।

पुल्यासू की यह रामलीला उत्तराखंड की उन पारंपरिक सांस्कृतिक धरोहरों में शामिल है, जो बिना किसी भव्य संसाधन के ग्रामीणों की सामूहिक भागीदारी और आस्था के बल पर सदियों पुरानी परंपराओं को आगे बढ़ा रही हैं। 130 वर्ष से अधिक की इस यात्रा में रामलीला गांव की पहचान बन चुकी है और नई पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ने का कार्य कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *