पौड़ी

पौड़ी में 656 बूथों पर चला पल्स पोलियो अभियान, 50,404 बच्चों को दवा पिलाने का लक्ष्य

बूथ पर छूटे बच्चों को 23 और 24 नवंबर को स्वास्थ्य टीमें घर-घर जाकर पिलाएंगी पोलियो की खुराक

पौड़ी। जनपद पौड़ी गढ़वाल में रविवार को पल्स पोलियो अभियान चलाया गया। जिला चिकित्सालय पौड़ी में अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विनय कुमार त्यागी ने बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाकर अभियान का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने अभिभावकों से पांच वर्ष तक की आयु के सभी बच्चों को नजदीकी पोलियो बूथ पर ले जाकर दवा पिलाने की अपील की।

अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि जनपद में अभियान के लिए कुल 656 पोलियो बूथ स्थापित किए गए हैं, जिनके माध्यम से 50,404 बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का लक्ष्य रखा गया है। अभियान का उद्देश्य पांच वर्ष तक की आयु के प्रत्येक बच्चे को पोलियो की खुराक पिलाकर उसे इस बीमारी से सुरक्षित करना है।

उन्होंने बताया कि रविवार को बूथों पर किसी कारणवश दवा पीने से छूटे बच्चों को 23 और 24 नवंबर को स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर पोलियो की खुराक पिलाएंगी। इसके लिए स्वास्थ्य कर्मियों को निर्देशित किया गया है कि कोई भी बच्चा अभियान से वंचित न रहे और निर्धारित लक्ष्य को पूरा करने के लिए प्रभावी प्रयास किए जाएं।

इस अवसर पर डॉ. जीशान अली, प्रीती रतूड़ी, नरेंद्र रावत, विधि भंडारी, रेखा कपरवाण, त्रिलोक सिंह नेगी, नागेंद्र रावत सहित आशा कार्यकर्ता एवं अन्य स्वास्थ्य कर्मी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *