पौड़ी

परमार्थ निकेतन में विशाल नेत्र चिकित्सा एवं निःशुल्क मोतियाबिंद ऑपरेशन शिविर का शुभारम्भ

1000 से अधिक लोगों ने कराया पंजीकरण, देश-विदेश से पहुंचे विशेषज्ञ चिकित्सक दे रहे सेवाएं

23 वर्षों से निरंतर जरूरतमंदों को दृष्टि प्रदान करने की सेवा में जुटा परमार्थ निकेतन

ऋषिकेश। परमार्थ निकेतन में विशाल नेत्र चिकित्सा एवं निःशुल्क मोतियाबिंद ऑपरेशन शिविर का भव्य शुभारम्भ हुआ। परमार्थ पीठाधीश्वर स्वामी चिदानन्द सरस्वती, उत्तराखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल और साध्वी भगवती सरस्वती ने दीप प्रज्वलित कर शिविर का विधिवत उद्घाटन किया। शिविर में देश-विदेश से आए विशेषज्ञ नेत्र चिकित्सक जरूरतमंदों को सेवाएं प्रदान कर रहे हैं। अब तक एक हजार से अधिक लोगों ने शिविर के लिए पंजीकरण कराया है।

परमार्थ निकेतन की ओर से पिछले 23 वर्षों से निरंतर आयोजित किए जा रहे इस सेवा शिविर का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर और जरूरतमंद लोगों को बेहतर नेत्र चिकित्सा उपलब्ध कराना तथा मोतियाबिंद से पीड़ित लोगों को निःशुल्क ऑपरेशन के माध्यम से नई दृष्टि प्रदान करना है। शिविर ऐसे लोगों के लिए उम्मीद की किरण बनकर आया है, जो आर्थिक कठिनाइयों के चलते उपचार नहीं करा पा रहे थे।

इस अवसर पर स्वामी चिदानन्द सरस्वती ने कहा कि आंखें ईश्वर का अनमोल उपहार हैं, जिनसे मनुष्य प्रकृति की सुंदरता, अपनों के चेहरे और जीवन के विविध रंगों को देख पाता है। परमार्थ निकेतन की सेवा परंपरा का मूल मंत्र नर सेवा ही नारायण सेवा है। उन्होंने कहा कि विभिन्न देशों से आए विशेषज्ञ चिकित्सक गंगा तट पर अपनी विशेषज्ञता, अनुभव और समय मानव सेवा के लिए समर्पित कर रहे हैं। यह वसुधैव कुटुम्बकम् की भावना को साकार करने का उदाहरण है। चिकित्सा विज्ञान और मानवीय संवेदना का संगम अनेक लोगों के जीवन में आशा का नया प्रकाश लेकर आएगा।

कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने नेत्र चिकित्सा शिविर को जनहित में सराहनीय पहल बताते हुए कहा कि मोतियाबिंद जैसी समस्या का समय पर उपचार लोगों को सामान्य जीवन जीने का अवसर प्रदान करता है। परमार्थ निकेतन आध्यात्मिक, सामाजिक, पर्यावरणीय और मानवीय सेवा के क्षेत्र में लंबे समय से महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है। स्वास्थ्य सेवाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का प्रयास प्रशंसनीय है। उन्होंने शिविर से जुड़े चिकित्सकों, आयोजकों और स्वयंसेवकों को शुभकामनाएं दीं।

साध्वी भगवती सरस्वती ने कहा कि सेवा की सबसे सुंदर अभिव्यक्ति वह है, जिससे किसी के जीवन में वास्तविक परिवर्तन आए। किसी व्यक्ति को दृष्टि मिलना केवल आंखों का उपचार नहीं, बल्कि पूरे परिवार के जीवन में खुशियों की वापसी है। जब बुजुर्ग फिर से अपने परिवार को स्पष्ट देख पाते हैं, माता अपने बच्चों को देख पाती हैं और जरूरतमंद व्यक्ति बिना सहारे दैनिक कार्य कर पाता है, तभी चिकित्सा सेवा का वास्तविक अर्थ सामने आता है। उन्होंने देश-विदेश से आए चिकित्सकों के ज्ञान, कौशल और सेवाभाव की सराहना की।

शिविर की विशेषता यह है कि इसमें विभिन्न देशों से प्रतिष्ठित नेत्र रोग विशेषज्ञ, नेत्र शल्य चिकित्सक, एनेस्थीसियोलॉजिस्ट, ऑप्टोमेट्रिस्ट, ऑर्थोप्टिस्ट और चिकित्सा सहयोगी अपनी सेवाएं दे रहे हैं। विशेषज्ञों की संयुक्त टीम मरीजों की जांच, उपचार और आवश्यक ऑपरेशन की प्रक्रिया में जुटी है।

शिविर में डॉ. पूर्णिमा रॉय, डॉ. मिलिंद भिडे, डॉ. विवेक कुमार जैन, डॉ. समीर वर्मा, डॉ. राघवन संपत, डॉ. इरीना कनसाकर, डॉ. सुहास तुली, डॉ. गुलनार, डॉ. ऑड्रे मुरुगेसन, डॉ. विजयलक्ष्मी वद्रेवु, डॉ. पारुल देसाई, डॉ. नीलिमा गंधम, डॉ. आनंद चंद्रशेखरन, डॉ. हाउ फाम, डॉ. रणजीत संधू सहित देश-विदेश से आए अनेक चिकित्सकों, स्वास्थ्य कर्मियों और स्वयंसेवकों ने सहभागिता की।

परमार्थ निकेतन की यह पहल जरूरतमंदों के जीवन में दृष्टि, आत्मविश्वास और खुशियों का प्रकाश लाने के साथ ही मानव सेवा, करुणा और वैश्विक सहयोग की भावना को भी सशक्त बना रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *