पौड़ी

पुल्यासू रामलीला में रामजन्म की लीला का मंचन, आज होगा सीता स्वयंवर

द्वारीखाल। नीलकंठ महादेव रामलीला कमेटी पुल्यासू की ओर से आयोजित रामलीला में शनिवार रात भगवान श्रीराम के जन्म एवं बाल लीलाओं का मंचन किया गया। कलाकारों ने विभिन्न प्रसंगों के माध्यम से रामायण की कथा को जीवंत किया, जिसे देखने पहुंचे दर्शकों ने खूब सराहा।

लीला में कुलगुरु वशिष्ठ के परामर्श पर राजा दशरथ द्वारा शृंगी ऋषि से पुत्रकामेष्टि यज्ञ करवाने का प्रसंग प्रस्तुत किया गया। यज्ञ के फलस्वरूप राजा दशरथ को चार पुत्रों की प्राप्ति हुई। चार पुत्रों के जन्म का समाचार सुनकर राजा दशरथ खुशी से झूम उठे। इसके बाद गुरु वशिष्ठ द्वारा चारों कुमारों को धनुर्विद्या की शिक्षा देने का मंचन हुआ।

आगे मुनि विश्वामित्र के यज्ञ में सुबाहु और मारीच राक्षसों के विघ्न डालने का प्रसंग दिखाया गया। विश्वामित्र राजा दशरथ के दरबार में सहायता मांगने पहुंचे, जिसके बाद राम और लक्ष्मण को यज्ञ की रक्षा के लिए अपने साथ वन ले गए।

इस दौरान लोक कलाकार जीतू पहाड़ी की गीतों की प्रस्तुति ने भी दर्शकों को खूब आनंदित किया। उनके गीतों पर दर्शकों ने तालियों के साथ उत्साह बढ़ाया।

रामलीला में मंच संचालन रणजीत सिंह नेगी ने किया। कमेटी के अनुसार, 30 नवंबर को भगवान श्रीराम के राज्याभिषेक के साथ रामलीला का समापन होगा।

आज सीता स्वयंवर की लीला

रविवार रात रामलीला में सीता स्वयंवर का मंचन किया जाएगा। इस अवसर पर प्रसिद्ध हास्य कलाकार संदीप छिलबट और लोक कलाकार जीतू पहाड़ी अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों का मनोरंजन करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *