जयहरीखाल शिविर: 100 बुजुर्गों व दिव्यांगों को मिलेंगे सहायक उपकरण
पौड़ी/जयहरीखाल। जिला प्रशासन एवं समाज कल्याण विभाग द्वारा एलिम्को (ALIMCO) के सहयोग से विकासखंड जयहरीखाल में वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांगजनों के लिए विशेष परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर का मुख्य उद्देश्य जरूरतमंद बुजुर्गों और दिव्यांगजनों का परीक्षण कर उन्हें उनकी आवश्यकतानुसार सहायक उपकरण उपलब्ध कराना है।

शिविर में कुल 100 पात्र लाभार्थियों को चिह्नित किया गया। इसमें ‘राष्ट्रीय वयोश्री योजना’ के अंतर्गत 93 वरिष्ठ नागरिक और ‘एडिप योजना’ के तहत 7 दिव्यांगजन शामिल हैं। परीक्षण प्रक्रिया पूरी होने के बाद शीघ्र ही सभी चयनित लाभार्थियों को उनकी आवश्यकता के अनुसार उपकरण उपलब्ध कराए जाएंगे।
इसके साथ ही दिव्यांगजनों को सरकारी योजनाओं का निर्बाध लाभ दिलाने के लिए शिविर में दस्तावेज पंजीकरण कार्य भी संपन्न किया गया, जिसमें 16 नए यूडीआईडी (UDID) कार्ड हेतु पंजीकरण किया गया।
कार्यक्रम के दौरान ब्लॉक प्रमुख रणबीर सजवाण ने कहा कि वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर बनाने तथा उनके दैनिक जीवन को सुगम बनाने में इस प्रकार के शिविर अत्यंत सहायक सिद्ध होते हैं। उन्होंने सभी पात्र लोगों से सरकारी कल्याणकारी योजनाओं का पूर्ण लाभ उठाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर कनिष्ठ उप प्रमुख पूनम देवी, खंड विकास अधिकारी रवि सैनी, प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. सारंग, सहायक समाज कल्याण अधिकारी कामेश चौहान सहित संबंधित विभागों के अधिकारी, कर्मचारी एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

