पौड़ी में रोजगार मेले में 110 युवाओं ने दिया साक्षात्कार, 30 दूसरे चरण के लिए चयनित
पौड़ी। सेवायोजन विभाग की ओर से शुक्रवार को हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय के बीजीआर परिसर पौड़ी में लघु रोजगार मेले का आयोजन किया गया। मेले में विभिन्न कंपनियों ने प्रतिभाग कर युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए। इस दौरान 110 युवक-युवतियों ने साक्षात्कार दिया, जिनमें से 30 अभ्यर्थियों को चयन प्रक्रिया के दूसरे चरण के लिए चुना गया।

सेवायोजन अधिकारी अजय सिंह ने बताया कि रोजगार मेले में क्वेस कॉर्प लिमिटेड, एसआईएस, एसबीआई लाइफ, सीपेट और एलआईसी सहित विभिन्न नियोजकों ने प्रतिभाग किया। कंपनियों की ओर से सिक्योरिटी ऑफिसर, अप्रेंटिस, मशीन ऑपरेटर, सेल्स इंश्योरेंस और प्रोडक्शन ट्रेनी सहित विभिन्न पदों के लिए साक्षात्कार लिए गए। उन्होंने कहा कि मेले के माध्यम से युवाओं और नियोजकों को एक साझा मंच उपलब्ध कराया गया, जिससे युवाओं को रोजगार के अवसरों से जुड़ने में मदद मिली।
रोजगार मेले में युवाओं को करियर काउंसिलिंग के माध्यम से करियर निर्माण, कौशल विकास और स्वरोजगार के विकल्पों की जानकारी भी दी गई। साथ ही मुख्यमंत्री कौशल विकास योजना और प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना के तहत प्रशिक्षण प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया गया। अभ्यर्थियों को विदेश रोजगार प्रकोष्ठ के माध्यम से विदेशों में उपलब्ध रोजगार के अवसरों और कौशल प्रशिक्षण कार्यक्रमों की जानकारी भी दी गई।
मेले में युवाओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया और कौशल प्रशिक्षण कार्यक्रमों में रुचि दिखाई। इस अवसर पर प्रो. डॉ. किरण बाला, आशीष कुमार, हिमांशु चमोली, लक्ष्मी अंथवाल सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

