श्रीनगर में 80 लाभार्थियों का चिन्हीकरण, दिव्यांगों और वरिष्ठ नागरिकों को मिलेंगे सहायक उपकरण
एडिप और राष्ट्रीय वयोश्री योजना के तहत हुआ पंजीकरण, 5 दिव्यांगता प्रमाण पत्र व 7 यूडीआईडी कार्ड की प्रक्रिया
पौड़ी/श्रीनगर। दिव्यांगजनों और वरिष्ठ नागरिकों को उनकी जरूरत के अनुरूप सहायक उपकरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विकासखंड खिर्सू के श्रीनगर नगर निगम क्षेत्र में विशेष चिन्हीकरण शिविर आयोजित किया गया। जिला प्रशासन एवं समाज कल्याण विभाग की ओर से एलिम्को के सहयोग से आयोजित शिविर में कुल 80 लाभार्थियों के आवेदन प्राप्त हुए।

शिविर में एडिप योजना के तहत 6 तथा राष्ट्रीय वयोश्री योजना के तहत 74 आवेदन प्राप्त हुए। विशेषज्ञों द्वारा लाभार्थियों का परीक्षण कर उनकी आवश्यकता के अनुसार सहायक उपकरणों के लिए चिन्हीकरण किया गया। पात्र लाभार्थियों को आगामी प्रक्रिया के तहत उपकरण उपलब्ध कराए जाएंगे।
शिविर में दिव्यांगजनों को योजनाओं एवं आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी देने के साथ ही 5 नए दिव्यांगता प्रमाण पत्र और 7 यूडीआईडी कार्ड के लिए भी प्रक्रिया पूरी की गई। इससे पात्र लाभार्थियों को सरकारी योजनाओं का लाभ लेने में सुविधा मिलेगी।
नगर निगम श्रीनगर की महापौर आरती भंडारी ने शिविर में बतौर मुख्य अतिथि प्रतिभाग किया। एडीओ समाज कल्याण पंकज मैंदोली ने बताया कि जिले के विभिन्न क्षेत्रों में एलिम्को के सहयोग से ऐसे शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इन शिविरों के माध्यम से दिव्यांगजनों एवं वरिष्ठ नागरिकों की जरूरतों का मौके पर आकलन कर उन्हें संबंधित योजनाओं से जोड़ने और आवश्यकतानुसार सहायक उपकरण उपलब्ध कराने की कार्रवाई की जा रही है।
उन्होंने पात्र लाभार्थियों से अपील की कि वे ऐसे शिविरों में पहुंचकर योजनाओं का लाभ उठाएं। इस अवसर पर पार्षद दिनेश पटवाल, विजय चमोली सहित समाज कल्याण विभाग एवं एलिम्को के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे। शिविर में वरिष्ठ नागरिकों, दिव्यांगजनों और उनके परिजनों ने प्रतिभाग किया।

