पोषण माह के समापन पर पौड़ी में गूंजा पोषण का संदेश, आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियों का हुआ सम्मान
39 आधुनिक आंगनबाड़ी केंद्रों का शुभारंभ, नन्हे-मुन्नों की प्रस्तुतियों ने बांधा समां; पैडुलस्यूं सेक्टर बना विजेता
पौड़ी गढ़वाल। पोषण माह के समापन अवसर पर आंगनबाड़ी केंद्र पूल्ड हाउस में उत्साहपूर्ण कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया और ब्लॉक प्रमुख अस्मिता नेगी ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। मंगल गीत के साथ शुरू हुए कार्यक्रम में आंगनबाड़ी केंद्र क्यार्क और क्यूंकालेश्वर के नन्हे-मुन्ने बच्चों ने रंगारंग प्रस्तुतियां देकर खूब तालियां बटोरीं।

जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने पोषण माह के दौरान आयोजित गतिविधियों की सराहना करते हुए कहा कि अभियान के माध्यम से महिलाओं और बच्चों में पोषण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ पोषण संबंधी संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया गया है। उन्होंने आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियों से संवाद कर पोषण एवं बाल विकास से जुड़ी गतिविधियों की जानकारी ली और उनके द्वारा तैयार किए गए विभिन्न पौष्टिक खाद्य पदार्थों का स्वाद लेकर सराहना की।
पौष्टिक खाद्य उत्पादों की प्रदर्शनी बनी आकर्षण का केंद्र
कार्यक्रम स्थल पर विभिन्न आंगनबाड़ी केंद्रों की ओर से आकर्षक स्टॉल लगाए गए। इनमें बच्चों और महिलाओं के लिए तैयार किए गए पौष्टिक खाद्य उत्पादों के साथ विभागीय योजनाओं की जानकारी, क्राफ्ट और अन्य गतिविधियों को प्रदर्शित किया गया। जिलाधिकारी ने सभी स्टॉलों का अवलोकन कर कार्यकर्त्रियों के प्रयासों की सराहना की।
गतिविधियों एवं प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन करने वाले आंगनबाड़ी दलों को सम्मानित किया गया। प्रतियोगिता में पैडुलस्यूं सेक्टर ने प्रथम, इडवालस्यूं ने द्वितीय, नांदलस्यूं ने तृतीय और गगवाड़स्यूं सेक्टर ने चतुर्थ स्थान हासिल किया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने धात्री माताओं को पोषण किट वितरित कीं, जबकि पांच लाभार्थियों को महालक्ष्मी किट भी प्रदान की गईं।
बच्चों की प्रस्तुतियों ने जीता दिल
आंगनबाड़ी केंद्र क्यार्क और क्यूंकालेश्वर के बच्चों ने रंगारंग और मनमोहक प्रस्तुतियों से कार्यक्रम में उत्साह भर दिया। बच्चों के आत्मविश्वास और सहज प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। कार्यक्रम स्थल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा और बच्चों का उत्साहवर्धन किया गया।
‘प्रोजेक्ट बचपन’ से 57 आंगनबाड़ी केंद्र आधुनिक बने
जिला कार्यक्रम अधिकारी ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देशन में गत वर्ष शुरू किए गए ‘प्रोजेक्ट बचपन’ के तहत अब तक 57 आधुनिक सुविधाओं से युक्त आंगनबाड़ी केंद्रों का निर्माण किया जा चुका है। इनमें से 39 आंगनबाड़ी केंद्रों का शुभारंभ वर्तमान में संचालित ‘आंगन मिलन अभियान’ के दौरान जनप्रतिनिधियों द्वारा किया गया है।
कार्यक्रम का संचालन मीनाक्षी रावत और साक्षी रावत ने किया। इस अवसर पर पार्षद शुभम रावत, संगीता रावत, सीडीपीओ आशा रावत सहित आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियां, सुपरवाइजर, बच्चे और उनके अभिभावक मौजूद रहे।

