अंतिम मतदाता सूची जारी, 5.21 लाख मतदाता पंजीकृत; 23 अक्टूबर से ईवीएम-वीवीपैट की जांच
पौड़ी। विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 की तैयारियों के तहत मंगलवार को जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी की अध्यक्षता में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर), अंतिम मतदाता सूची तथा ईवीएम-वीवीपैट की प्रथम स्तरीय जांच (एफएलसी) को लेकर विस्तार से जानकारी दी गई।

जिलाधिकारी ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को अंतिम रूप से प्रकाशित विधानसभा निर्वाचक नामावली उपलब्ध कराते हुए सूची का परीक्षण करने और किसी प्रकार की त्रुटि या सुझाव होने पर जानकारी साझा करने को कहा। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची का व्यापक परीक्षण जरूरी है, ताकि किसी पात्र मतदाता का नाम छूटने अथवा किसी मतदाता का नाम गलत स्थान पर दर्ज होने की स्थिति समय रहते सामने आ सके। उन्होंने निर्वाचन प्रक्रिया में राजनीतिक दलों की सक्रिय भागीदारी को पारदर्शी और व्यवस्थित चुनाव के लिए महत्वपूर्ण बताया।
जनपद में 5,21,705 मतदाता पंजीकृत
03 अक्टूबर 2026 को अंतिम रूप से प्रकाशित मतदाता सूची के अनुसार पौड़ी जनपद की छह विधानसभा सीटों में कुल 1,008 मतदान केंद्रों पर 5,07,135 सामान्य मतदाता पंजीकृत हैं। इनमें 2,64,235 पुरुष, 2,42,890 महिला और 10 तृतीय लिंग मतदाता शामिल हैं। इसके अतिरिक्त 14,570 सर्विस मतदाता हैं, जिनमें 14,319 पुरुष और 251 महिला मतदाता हैं। सामान्य और सर्विस मतदाताओं को मिलाकर जनपद में कुल 5,21,705 मतदाता पंजीकृत हैं।
23 अक्टूबर से शुरू होगी ईवीएम-वीवीपैट की एफएलसी
बैठक में ईवीएम एवं वीवीपैट की प्रथम स्तरीय जांच (एफएलसी) की जानकारी भी राजनीतिक दलों को दी गई। जनपद में एफएलसी का कार्य 23 अक्टूबर 2026 से ईवीएम गोदाम, वेयर हाउस छतरीधार, कोटद्वार रोड, पौड़ी में शुरू होगा। जांच प्रतिदिन सुबह 9 बजे से शाम 7 बजे तक की जाएगी और सार्वजनिक अवकाश के दिनों में भी प्रक्रिया जारी रहेगी।
एफएलसी का कार्य इलेक्ट्रॉनिक्स कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड के नामित इंजीनियरों द्वारा किया जाएगा। प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के जिला स्तरीय पदाधिकारी अथवा अधिकृत प्रतिनिधि उपस्थित रह सकेंगे। प्रत्येक राजनीतिक दल से प्रतिदिन दो अधिकृत प्रतिनिधियों को एफएलसी में शामिल होने की अनुमति होगी। एफएलसी पूरी होने के बाद यादृच्छिक रूप से चयनित 5 प्रतिशत मशीनों पर मॉक पोल कराया जाएगा।
जिलाधिकारी ने राजनीतिक दलों से एफएलसी में शामिल होने वाले अधिकृत प्रतिनिधियों के नाम और आवश्यक विवरण उपलब्ध कराने को कहा। उन्होंने अधिकारियों को निर्वाचन-2027 से संबंधित सभी तैयारियां निर्धारित समयसीमा में पूरी करने तथा राजनीतिक दलों के साथ निरंतर समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए।
बैठक में अपर जिलाधिकारी पीआर चौहान, सहायक निर्वाचन अधिकारी एसएल शाह, खंड शिक्षाधिकारी मास्टर आदर्श सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

