पौड़ी

बीरोंखाल में दिव्यांगों और वरिष्ठ नागरिकों के लिए शिविर, 102 लाभार्थी चयनित

94 वरिष्ठ नागरिक और 8 दिव्यांगजन सहायक उपकरणों के लिए चिन्हित

बीरोंखाल/पौड़ी। जिला प्रशासन एवं समाज कल्याण विभाग की ओर से विकासखंड बीरोंखाल में दिव्यांगजनों एवं वरिष्ठ नागरिकों के लिए विशेष परीक्षण एवं चिन्हीकरण शिविर आयोजित किया गया। भारत सरकार के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय के अधीन भारतीय कृत्रिम अंग निर्माण निगम (एलिम्को) के सहयोग से आयोजित शिविर में एडिप एवं राष्ट्रीय वयोश्री योजना के तहत पात्र लाभार्थियों का परीक्षण, चिन्हीकरण एवं पंजीकरण किया गया।

शिविर में 94 वरिष्ठ नागरिकों और 8 दिव्यांगजनों समेत कुल 102 लाभार्थियों को उनकी आवश्यकता के अनुसार सहायक उपकरणों के लिए चयनित किया गया। चयनित लाभार्थियों को योजनाओं के तहत आवश्यकतानुसार निःशुल्क सहायक उपकरण उपलब्ध कराए जाएंगे।

जिला समाज कल्याण अधिकारी रोहित दुबड़िया ने बताया कि दिव्यांगजनों को योजना का लाभ लेने के लिए आधार कार्ड, न्यूनतम 40 प्रतिशत दिव्यांगता प्रमाणपत्र और निर्धारित आय प्रमाणपत्र प्रस्तुत करना आवश्यक है। वरिष्ठ नागरिकों के लिए आधार कार्ड एवं निर्धारित आय प्रमाणपत्र जरूरी है। लाभार्थियों को आवश्यक दस्तावेजों की दो-दो छायाप्रतियां और दो पासपोर्ट साइज फोटो भी साथ लाने होते हैं।

उन्होंने पात्र दिव्यांगजनों एवं वरिष्ठ नागरिकों से विभागीय योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की।

शिविर में ब्लॉक प्रमुख नेहा नेगी, ज्येष्ठ उप प्रमुख कुलदीप नेगी, विधायक प्रतिनिधि दर्शन सिंह, समाज कल्याण अनुश्रवण समिति के सदस्य प्रेम सिंह नेगी, बीडीओ सुदर्शन सिंह बुटोला, सहायक समाज कल्याण अधिकारी राजेंद्र सिंह सहित अन्य अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *