बीरोंखाल में विकास को मिली नई उड़ान, 120 करोड़ की परियोजनाओं से बदलेगी तस्वीर
पौड़ी। सेवा संकल्प अभियान के तहत मंगलवार को विकासखंड बीरोंखाल में बहुउद्देशीय शिविर आयोजित किया गया। शिविर का शुभारंभ कैबिनेट मंत्री एवं चौबट्टाखाल विधायक सतपाल महाराज ने किया। इस दौरान उन्होंने क्षेत्रवासियों की समस्याएं सुनीं और करीब 4.4 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया।

कैबिनेट मंत्री ने बताया कि चौबट्टाखाल विधानसभा क्षेत्र की 78 ग्राम पंचायतों में से 68 ग्राम पंचायतों में वर्ष 2024 से 2030 तक उत्तराखंड जलवायु अनुकूल वर्षा आधारित कृषि परियोजना (जलागम) के तहत कार्य किए जा रहे हैं। बीरोंखाल विकासखंड में इस परियोजना के तहत करीब 120 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि परियोजना के संचालन के लिए मैठाणाघाट और स्यूंसी में तीन यूनिट गठित की गई हैं। अब तक सिंचाई के लिए 12 एलडीपीई टैंक और सात वाटर हार्वेस्टिंग टैंक तैयार किए गए हैं। उद्यान के लिए 10 ड्रिप सिंचाई प्रदर्शन इकाइयां, सब्जी उत्पादन की 30 तथा मल्चिंग तकनीक की 57 प्रदर्शन इकाइयां स्थापित की गई हैं।
मंत्री ने बताया कि रबी फसल के लिए गेहूं, सरसों, मटर, आलू और लहसुन का बीज 45 हेक्टेयर क्षेत्र में उत्पादन के लिए वितरित किया गया है। खरीफ फसलों के लिए मक्का, मंडुवा, उड़द, मूंग, धान, सोयाबीन और स्वीट कॉर्न का बीज 102 हेक्टेयर क्षेत्र के लिए उपलब्ध कराया गया है। वहीं सब्जी एवं मसाला उत्पादन के लिए विभिन्न फसलों का बीज 25 हेक्टेयर क्षेत्र में वितरित किया गया है। इसके अतिरिक्त नौ वर्मी कंपोस्ट और 21 बायो-कंपोस्ट प्रदर्शन इकाइयां तथा 90 पॉलीटनल स्थापित किए गए हैं। बकरी की नस्ल सुधार के लिए 21 बकरों का वितरण भी किया गया है।
विद्यालय भवन और पर्यटक आवास गृह का लोकार्पण
बहुउद्देशीय शिविर के दौरान सतपाल महाराज ने बीरोंखाल में 1.34 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले राजकीय इंटर कॉलेज के नवीन भवन एवं कक्षा-कक्षों का शिलान्यास किया। वहीं समग्र शिक्षा अभियान के तहत 21.40 लाख रुपये की लागत से निर्मित राजकीय प्राथमिक विद्यालय के नवीन भवन तथा रसिया महादेव में 3.85 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित 24 शैय्याओं वाले पर्यटक आवास गृह का लोकार्पण किया।
इस दौरान उन्होंने चितौणखाल तक मोटर मार्ग मिलान के लिए चार लाख रुपये तथा हिंडोला गैरी से हनुमान गद्दी-बड़ेस ढय्या तक संपर्क मार्ग निर्माण के लिए विधायक निधि से तीन लाख रुपये देने की घोषणा की।
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार का लक्ष्य विकास योजनाओं को गांव-गांव तक पहुंचाने के साथ किसानों की आय बढ़ाना, सिंचाई सुविधाओं का विस्तार करना और कृषि को जलवायु अनुकूल बनाना है। सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों की समस्याओं का समाधान करने के साथ उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाया जा रहा है।
शिविर में समाज कल्याण बोर्ड सदस्य प्रेम सिंह नेगी, ज्येष्ठ प्रमुख कुलदीप, ग्राम प्रधान अंजली देवी, क्षेत्र पंचायत सदस्य प्रिया देवी, एसडीएम कृष्णा त्रिपाठी, बीईओ वर्षा भारद्वाज, जिला शिक्षा प्रकोष्ठ संयोजक वीरेंद्र रावत, लोनिवि के अधिशासी अभियंता लोकेश सारस्वत, प्रधानाचार्य कुलदीप बिष्ट सहित अधिकारी, कर्मचारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

