सांसद चैम्पियनशिप में पौड़ी का परचम, ट्रॉफी के साथ जीते दो लाख रुपये
पौड़ी। खेल महाकुंभ-2026 के तहत रांसी स्टेडियम पौड़ी में आयोजित सांसद चैम्पियनशिप ट्रॉफी का समापन हो गया। प्रतियोगिता में सर्वाधिक अंक अर्जित कर पौड़ी विधानसभा की टीम ने प्रथम स्थान हासिल करते हुए सांसद चैम्पियनशिप ट्रॉफी पर कब्जा किया।

मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी ने विजेता टीम को ट्रॉफी के साथ दो लाख रुपये की धनराशि का चेक प्रदान किया। वहीं विजेता खिलाड़ियों को क्षेत्र पंचायत प्रमुख अस्मिता नेगी एवं मुख्य विकास अधिकारी ने मेडल, प्रमाण-पत्र और शील्ड देकर सम्मानित किया।
खेल भावना के साथ आगे बढ़ने का आह्वान
मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेलों में हार-जीत से ऊपर उठकर खेल भावना के साथ प्रतिभाग करना चाहिए। उन्होंने विजेता खिलाड़ियों को राज्य स्तरीय खेल महाकुंभ के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि खेलों में भागीदारी से युवाओं में आत्मविश्वास, अनुशासन और नेतृत्व क्षमता का विकास होता है।
क्षेत्र पंचायत प्रमुख अस्मिता नेगी ने कहा कि खेल महाकुंभ युवाओं को अपनी प्रतिभा और खेल कौशल प्रदर्शित करने का बेहतर मंच प्रदान कर रहा है। उन्होंने खिलाड़ियों से जीत और हार दोनों से सीख लेते हुए निरंतर मेहनत और लगन के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।
जिला युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल अधिकारी पंकज कुमार ने कहा कि खेल महाकुंभ के माध्यम से जनपद के युवाओं को अपनी खेल प्रतिभा निखारने का अवसर मिल रहा है। सांसद चैम्पियनशिप ट्रॉफी का उद्देश्य युवाओं में खेलों के प्रति रुचि बढ़ाने के साथ उन्हें प्रतिस्पर्धात्मक मंच उपलब्ध कराना है।
11 विधानसभाओं के खिलाड़ियों ने किया प्रतिभाग
प्रतियोगिता में पौड़ी जिले की पौड़ी, श्रीनगर, कोटद्वार, चौबट्टाखाल, लैंसडौन और यमकेश्वर, रुद्रप्रयाग की रुद्रप्रयाग और केदारनाथ, टिहरी गढ़वाल की देवप्रयाग और नरेंद्रनगर तथा नैनीताल की रामनगर विधानसभा सहित कुल 11 विधानसभाओं के खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया।
प्रतियोगिता में फुटबॉल, बैडमिंटन, मलखंब, एथलेटिक्स, खो-खो, पिट्टू, कबड्डी, वालीबॉल, मुर्गा झपट, रस्सा-कस्सी और गोली (कंचा) सहित विभिन्न खेलों में मुकाबले हुए। पारंपरिक खेल मुर्गा झपट और गोली (कंचा) प्रतियोगिता के विशेष आकर्षण रहे।
विभिन्न स्पर्धाओं में खिलाड़ियों ने दिखाया दम
अंडर-19 वालीबॉल में लैंसडौन प्रथम, चौबट्टाखाल द्वितीय और कोटद्वार तृतीय रहा। अंडर-19 रस्सा-कस्सी में पौड़ी प्रथम, रुद्रप्रयाग द्वितीय और देवप्रयाग तृतीय रहे। अंडर-19 कबड्डी में चौबट्टाखाल प्रथम, लैंसडौन द्वितीय और देवप्रयाग तृतीय स्थान पर रहे।
अंडर-19 गोली (कंचा) में लैंसडौन प्रथम और पौड़ी द्वितीय रहा। अंडर-14 वालीबॉल में कोटद्वार प्रथम, चौबट्टाखाल द्वितीय और रामनगर तृतीय, जबकि अंडर-14 कबड्डी में चौबट्टाखाल प्रथम, रुद्रप्रयाग द्वितीय और रामनगर तृतीय रहे। अंडर-14 रस्सा-कस्सी में देवप्रयाग प्रथम, लैंसडौन द्वितीय और पौड़ी तृतीय स्थान पर रहे।
मुर्गा झपट के विभिन्न भार वर्गों में बालिका खिलाड़ियों ने भी शानदार प्रदर्शन किया। अंडर-19 बालिका वर्ग में 44 किग्रा में शिवानी (रुद्रप्रयाग), 47 किग्रा में सारिका (पौड़ी), 38 किग्रा में करिश्मा (रुद्रप्रयाग), 50 किग्रा में सलोनी (देवप्रयाग) और 41 किग्रा में सलोनी (पौड़ी) ने प्रथम स्थान हासिल किया।
अंडर-14 बालिका वर्ग में 31 किग्रा में अंशिका (देवप्रयाग), 28 किग्रा में शिवानी (श्रीनगर), 37 किग्रा में ईशा (चौबट्टाखाल), 34 किग्रा में दिव्यांशी (रुद्रप्रयाग) और 40 किग्रा में खुशी (रुद्रप्रयाग) ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।
विजेताओं को मिलेगी पुरस्कार राशि
प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को 800 रुपये, द्वितीय स्थान प्राप्त करने वालों को 600 रुपये और तृतीय स्थान प्राप्त करने वालों को 500 रुपये की धनराशि डीबीटी के माध्यम से प्रदान की जाएगी। प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागी एवं टीमें राज्य स्तरीय खेल महाकुंभ/मुख्यमंत्री चैम्पियनशिप ट्रॉफी में प्रतिभाग करेंगी।
समापन समारोह में मुख्य कोषाधिकारी नमिता सिंह, सहायक कोषाधिकारी अवधेश चंद, क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी, विभागीय अधिकारी, शिक्षक-शिक्षिकाएं, टीम प्रभारी और बड़ी संख्या में प्रतिभागी खिलाड़ी मौजूद रहे।

