पौड़ी

पूर्वी नयार नदी क्षेत्र में चला विशेष स्वच्छता अभियान

प्लास्टिक और कचरा हटाकर लोगों को नदी व प्राकृतिक जलस्रोतों के संरक्षण के लिए किया जागरूक

पौड़ी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के “सेवा संकल्प–जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” अभियान के तहत स्वच्छता ही सेवा-2026 के अंतर्गत नगर पंचायत थलीसैंण क्षेत्र में पूर्वी नयार नदी के आसपास विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान नदी क्षेत्र की साफ-सफाई करने के साथ ही स्थानीय लोगों को नदी, प्राकृतिक जलस्रोतों और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया।

अभियान में शामिल लोगों ने नदी क्षेत्र में सफाई कर प्लास्टिक एवं अन्य कचरे को एकत्रित किया। इस दौरान उपजिलाधिकारी कृष्णा त्रिपाठी ने आमजन से अपील की कि प्लास्टिक और अन्य कचरा नदी, गदेरे अथवा प्राकृतिक जलस्रोतों में न डालें। उन्होंने कहा कि नदियां जीवन का आधार हैं और इनके प्रदूषित होने का सीधा असर पर्यावरण, स्वच्छता और मानव स्वास्थ्य पर पड़ता है।

अधिशासी अधिकारी नगर पंचायत दीपक प्रताप ने कहा कि स्वच्छता को केवल किसी अभियान या एक दिन तक सीमित न रखते हुए इसे दैनिक जीवन का हिस्सा बनाना जरूरी है। उन्होंने स्थानीय नागरिकों से नदी और प्राकृतिक जलस्रोतों के संरक्षण के साथ आसपास के क्षेत्रों को स्वच्छ रखने में सहयोग की अपील की।

अभियान में स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर सत्येंद्र सेमवाल, पर्यावरण संरक्षक ललित ममगाईं, राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय की छात्र संघ अध्यक्ष मानशी, बच्चन सिंह भंडारी, आशा राम पोखरियाल सहित स्थानीय नगरवासी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *