पौड़ी

सेवा संकल्प अभियान के तहत आंगन मिलन कार्यक्रम आयोजित

धात्री महिलाओं को खजूर-मूंगफली और बच्चों को वितरित की गई ड्रेस, पोषण एवं स्वास्थ्य के प्रति किया जागरूक

पौड़ी। सेवा संकल्प अभियान के तहत जनपद के विभिन्न आंगनबाड़ी केंद्रों में आंगन मिलन कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। कार्यक्रमों के माध्यम से बच्चों, गर्भवती एवं धात्री महिलाओं तथा उनके अभिभावकों को पोषण, स्वास्थ्य और बाल विकास से जुड़ी सेवाओं की जानकारी दी जा रही है।

इसी क्रम में आंगनबाड़ी केंद्र किमसार में आयोजित कार्यक्रम में धात्री महिलाओं को खजूर एवं मूंगफली दाना वितरित किया गया, जबकि 3 से 6 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों को ड्रेस प्रदान की गई। कार्यक्रम में ग्राम प्रधान दीपक बिष्ट, वार्ड सदस्य डबल सिंह, आरती देवी, शोभा देवी, आशा कार्यकर्ता सरिता बिष्ट सहित 0 से 6 वर्ष तक के बच्चों के अभिभावक और ग्रामीण मौजूद रहे।

वहीं परियोजना थलीसैंण के आंगनबाड़ी केंद्र तरपाली में भी आंगन मिलन कार्यक्रम आयोजित किया गया। यहां लाभार्थियों और अभिभावकों को विभागीय योजनाओं एवं सेवाओं की जानकारी दी गई।

जिला कार्यक्रम अधिकारी देवेंद्र थपलियाल ने कहा कि आंगन मिलन कार्यक्रमों के माध्यम से बच्चों, गर्भवती एवं धात्री महिलाओं और उनके अभिभावकों को पोषण, स्वास्थ्य एवं बाल विकास से संबंधित सेवाओं के प्रति जागरूक किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इन कार्यक्रमों का उद्देश्य लाभार्थियों तक विभागीय योजनाओं और सेवाओं की जानकारी पहुंचाने के साथ उन्हें नियमित सेवाओं से जोड़ना है।

कार्यक्रमों में आंगनबाड़ी केंद्रों के लाभार्थी, अभिभावक, आशा कार्यकर्ता, ग्राम प्रतिनिधि और ग्रामीण उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *