अलकनंदा–भागीरथी मैत्री टेबल टेनिस प्रतियोगिता में पौड़ी का दबदबा
टिहरी को 3-2 से हराकर पौड़ी ने जीती ट्रॉफी, पुरुष और महिला एकल में भी शानदार प्रदर्शन
पौड़ी। पशुपालन विभाग की ओर से अपर निदेशक गढ़वाल मंडल कार्यालय में प्रथम अलकनंदा–भागीरथी अन्तर्जनपदीय मैत्री टेबल टेनिस प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में पौड़ी गढ़वाल और टिहरी गढ़वाल के कुल 14 पशु चिकित्साधिकारियों ने प्रतिभाग किया। रोमांचक मुकाबले में पौड़ी गढ़वाल ने टिहरी को 3-2 से पराजित कर प्रतियोगिता की ट्रॉफी अपने नाम की।

प्रतियोगिता के पुरुष एकल वर्ग में डॉ. भूपेंद्र बिष्ट ने प्रथम तथा डॉ. सुरेश चंद ने द्वितीय स्थान हासिल किया। वहीं महिला एकल वर्ग में डॉ. प्रीति गौतम प्रथम और डॉ. एकता बिष्ट द्वितीय स्थान पर रहीं।
प्रतियोगिता के दौरान दोनों जनपदों के प्रतिभागियों ने पूरे उत्साह के साथ उत्कृष्ट खेल का प्रदर्शन किया। खिलाड़ियों ने जीत-हार से आगे बढ़कर खेल भावना, मित्रता और टीम भावना का परिचय दिया।
अपर निदेशक गढ़वाल मंडल डॉ. भूपेंद्र जंगपांगी ने कहा कि इस तरह के आयोजनों से दोनों जनपदों के पशु चिकित्साधिकारियों के बीच आपसी समन्वय और सौहार्द को मजबूत करने का अवसर मिलता है।
इस अवसर पर मुख्य पशुचिकित्सा अधिकारी पौड़ी डॉ. विशाल शर्मा, संयुक्त निदेशक रोग निदान प्रयोगशाला श्रीनगर डॉ. अशोक रेड्डी सहित विभागीय अधिकारी, कर्मचारी और प्रतिभागी मौजूद रहे।

