लम्पी स्किन डिजीज की रोकथाम को लेकर पशु चिकित्सा अधिकारियों की ऑनलाइन बैठक
पौड़ी। जनपद में लम्पी स्किन डिजीज की रोकथाम एवं प्रभावी नियंत्रण को लेकर शनिवार को मुख्य पशुचिकित्साधिकारी डॉ. विशाल शर्मा की अध्यक्षता में पशु चिकित्सा अधिकारियों एवं वरिष्ठ पशु चिकित्सा अधिकारियों की ऑनलाइन बैठक हुई। बैठक में बीमारी की रियल टाइम निगरानी, टीकाकरण और संक्रमित पशुओं के उपचार की व्यवस्था की समीक्षा की गई।

मुख्य पशुचिकित्साधिकारी ने जनपद में बीमारी की वर्तमान स्थिति, उपलब्ध वैक्सीन और टीकाकरण की प्रगति की जानकारी ली। इसके साथ ही संक्रमित एवं संदिग्ध पशुओं के उपचार, दवाओं की उपलब्धता और क्षेत्रवार निगरानी व्यवस्था की समीक्षा की गई। उन्होंने कहा कि उपचार के लिए आवश्यक दवाएं पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हैं और किसी भी स्तर पर इनकी कमी नहीं होने दी जाएगी।
उन्होंने अधिकारियों को बीमारी के संभावित प्रसार को रोकने के लिए पूरी सतर्कता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। पशुपालकों को लम्पी स्किन डिजीज के लक्षण, बचाव और उपचार की जानकारी उपलब्ध कराने तथा लगातार जागरूकता अभियान चलाने पर भी जोर दिया गया।
डॉ. शर्मा ने बीमारी की वास्तविक स्थिति का समय पर आकलन करने के लिए अधिक से अधिक संदिग्ध पशुओं के सैंपल लेकर जांच के लिए समय से भेजने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित निगरानी रखते हुए संक्रमित एवं संदिग्ध पशुओं का उपचार सुनिश्चित करने को कहा।
उन्होंने पशुपालकों के साथ निरंतर संपर्क एवं समन्वय बनाए रखने तथा किसी भी संभावित मामले की सूचना तत्काल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए, ताकि बीमारी की रोकथाम के लिए समयबद्ध कार्रवाई की जा सके।
बैठक में उप मुख्य पशुचिकित्साधिकारी डॉ. नंदन प्रसाद आगरी सहित अन्य पशु चिकित्सा अधिकारी उपस्थित रहे।
