खाता संख्या 0004 की जमीन की खरीद-फरोख्त पर रोक की मांग, मंजोखी ग्रामीणों ने एसडीएम से बंटवारा होने तक बिक्री रोकने की लगाई गुहार
जाखणीखाल/पौड़ी। ग्राम पंचायत मंजोखी के ग्रामीणों ने खाता संख्या 0004 की भूमि की संभावित खरीद-फरोख्त पर रोक लगाने की मांग को लेकर उपजिलाधिकारी जाखणीखाल को आवेदन सौंपा है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मामले का संज्ञान लेते हुए भूमि की बिक्री पर तत्काल रोक लगाने और आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है।

ग्रामीणों का कहना है कि खाता संख्या 0004 की भूमि की खरीद-फरोख्त किए जाने की आशंका बनी हुई है। उनका दावा है कि उक्त खाते की भूमि का अभी तक कानूनी रूप से विधिवत बंटवारा नहीं हुआ है। ऐसे में बंटवारा होने से पहले भूमि की खरीद-फरोख्त किए जाने से ग्रामीणों के अधिकार प्रभावित हो सकते हैं।
आवेदन के माध्यम से ग्रामीणों ने मांग की है कि जब तक खाता संख्या 0004 की भूमि का नियमानुसार बंटवारा नहीं हो जाता, तब तक संबंधित भूमि की खरीद-फरोख्त पर रोक लगाई जाए। साथ ही प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने की अपील की गई है।
ग्रामीणों द्वारा दिए गए आवेदन पर ग्रामवासियों के हस्ताक्षर के साथ ग्राम प्रधान, ग्राम पंचायत मंजोखी की मुहर भी लगी हुई है। ग्रामीणों का कहना है कि यह मामला केवल भूमि की खरीद-फरोख्त तक सीमित नहीं है, बल्कि उनके भूमि संबंधी अधिकारों और संपत्ति की सुरक्षा से जुड़ा हुआ है। उन्होंने प्रशासन से मामले में शीघ्र संज्ञान लेकर ग्रामीणों के हितों की रक्षा करने की मांग की है।
