पौड़ी

संकेत सीएलएफ को मिला विपणन वाहन, उत्पादों को बाजार तक पहुंचाने में होगी सुविधा

पौड़ी। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) के अंतर्गत ग्रामीण उद्यमिता योजना के तहत संकेत क्लस्टर लेवल फेडरेशन (सीएलएफ) को परिवहन एवं विपणन के लिए वाहन उपलब्ध कराया गया है। ब्लॉक प्रमुख अस्मिता नेगी ने हरी झंडी दिखाकर वाहन को रवाना किया।

वाहन उपलब्ध होने से सीएलएफ से जुड़ी स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को कच्चा माल लाने से लेकर तैयार उत्पादों को विभिन्न बाजारों तक पहुंचाने में सुविधा मिलेगी। इससे समूहों को परिवहन के लिए बाहरी वाहन किराये पर लेने की आवश्यकता कम होगी और समय के साथ परिवहन खर्च में भी बचत होगी।

परियोजना निदेशक डीआरडीए विवेक कुमार उपाध्याय ने बताया कि वाहन का उपयोग सीएलएफ द्वारा कच्चा माल लाने और तैयार उत्पादों को बाजार तक पहुंचाने में किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इससे ग्रामीण क्षेत्रों में स्वयं सहायता समूहों द्वारा तैयार उत्पादों के विपणन को बढ़ावा मिलेगा तथा महिलाओं की आजीविका को मजबूती मिलेगी।

उन्होंने बताया कि सीएलएफ आवश्यकता के अनुसार वाहन को अन्य लोगों को किराये पर भी दे सकता है। इससे वाहन का बेहतर उपयोग सुनिश्चित होने के साथ सीएलएफ को अतिरिक्त आय का अवसर भी मिलेगा।

इस अवसर पर एबीडीओ धनपाल सिंह नेगी, संकेत सीएलएफ अध्यक्ष मालती देवी, कोषाध्यक्ष संध्या देवी सहित अन्य उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *