पौड़ी

चीनी की जमाखोरी रोकने को 13 टीमों ने विभिन्न स्थानों पर की छापेमारी

थोक-फुटकर विक्रेताओं और मिष्ठान भंडारों में स्टॉक की जांच, व्यापारियों को दी कड़ी हिदायत

पौड़ी। चीनी की जमाखोरी और अवैध भंडारण पर रोक लगाने तथा बाजार में इसकी पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया के निर्देशन में खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग ने जनपदभर में व्यापक अभियान चलाया। अभियान के तहत विभाग की 13 टीमों ने विभिन्न क्षेत्रों में औचक निरीक्षण और छापेमारी कर चीनी की उपलब्धता एवं स्टॉक की स्थिति की जांच की।

जिला पूर्ति अधिकारी अरुण कुमार वर्मा ने बताया कि विभागीय टीमों ने कोटद्वार, पौड़ी, श्रीनगर, लैंसडाउन, बीरोंखाल, दुगड्डा, यमकेश्वर, सतपुली, पाबौ, ऊफरैंखाल, जडाऊखांद और चाकीसैंण सहित विभिन्न क्षेत्रों में थोक एवं फुटकर विक्रेताओं, बड़े मिष्ठान भंडारों और अन्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान दुकानों में उपलब्ध चीनी की मात्रा, अभिलेखों में दर्ज स्टॉक तथा माह के दौरान विक्रय की गई चीनी की मात्रा का मिलान किया गया। टीमों ने व्यापारियों को शासन के दिशा-निर्देशों के अनुरूप निर्धारित मात्रा में ही चीनी का स्टॉक रखने के निर्देश दिए। साथ ही अवैध भंडारण और जमाखोरी नहीं करने की कड़ी हिदायत दी।

जिला पूर्ति अधिकारी ने बताया कि बाजार में चीनी की उपलब्धता और स्टॉक की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। जमाखोरी रोकने और पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वाले व्यापारियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *