पौड़ी

रा प्रा वि वरगड्डी में धूमधाम से मनाया स्वतंत्रता दिवस

प्रधान विकास चंद्र जुगरान ने कहा—ईमानदारी से अपने दायित्व निभाने पर ही साकार होगा शहीदों का सपना

द्वारीखाल। राजकीय प्राथमिक विद्यालय वरगड्डी में स्वतंत्रता दिवस धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में ग्रामीणों, विद्यालय स्टाफ एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले स्वतंत्रता सेनानियों और शहीदों को श्रद्धापूर्वक नमन किया गया।

ग्राम प्रधान विकास चंद्र जुगरान ने कहा कि अनेक शहादतों और संघर्षों के बाद देश को आजादी मिली है, जो हमारे लिए बेहद अनमोल है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को अपने कार्य और दायित्व का निर्वहन पूरी ईमानदारी से करना चाहिए। चाहे वह सैनिक हो, किसान, जनप्रतिनिधि या अधिकारी—यदि सभी अपने कर्तव्यों को ईमानदारी से निभाएं, तभी देश उन्नति करेगा और शहीदों के सपनों का भारत साकार होगा।

प्रधानाचार्य सोमपाल ने कहा कि बच्चे देश का भविष्य हैं। बच्चों को बेहतर शिक्षा और उत्तम स्वास्थ्य उपलब्ध कराना देश को मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि बच्चे का पहला विद्यालय उसका घर होता है, इसके बाद आसपास का वातावरण और विद्यालय उसके व्यक्तित्व निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। बच्चे का मन कोरे कागज की तरह होता है, उस पर जैसी छाप पड़ती है, जीवन उसी दिशा में आगे बढ़ता है। इसलिए बच्चों को संस्कारयुक्त एवं सकारात्मक वातावरण देना सभी की जिम्मेदारी है।

कार्यक्रम में उपप्रधान अल्का देवी, भोजन माता कांता देवी, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता नीलम तड़ियाल, आशा कार्यकर्ता मनोरमा देवी सहित जूपा देवी, विजयलक्ष्मी, भगवती प्रसाद, नवीन सेमवाल और अमन तड़ियाल उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए देश की एकता, अखंडता और प्रगति के लिए सामूहिक रूप से योगदान देने का संकल्प लिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *