पौड़ी

रौतेली और आंगनबाड़ी कार्यकत्री पुरस्कार से सम्मानित हुईं पौड़ी की छह मातृशक्ति

पौड़ी। वीरांगना तीलू रौतेली जयंती के अवसर पर प्रदेश की मातृशक्ति के सम्मान में आयोजित राज्य स्तरीय तीलू रौतेली एवं आंगनबाड़ी कार्यकत्री पुरस्कार समारोह में जनपद पौड़ी गढ़वाल की छह महिलाओं को सम्मानित किया गया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने महिला सशक्तिकरण, स्वरोजगार, समाजसेवा सहित विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान के लिए पौड़ी की प्रियंका पंत थपलियाल को तीलू रौतेली पुरस्कार प्रदान किया। वहीं, पांच आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को उत्कृष्ट सेवाओं के लिए आंगनबाड़ी कार्यकत्री पुरस्कार से सम्मानित किया गया। सभी सम्मानित महिलाओं को प्रशस्ति पत्र के साथ 51-51 हजार रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की गई।

महिला सशक्तिकरण की मिसाल बनीं प्रियंका

पौड़ी की प्रियंका पंत थपलियाल को समाजसेवा, महिला सशक्तिकरण, स्वरोजगार, शिक्षा और संस्कृति के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए तीलू रौतेली पुरस्कार दिया गया। वर्ष 2019 में ‘आह्वान संस्था’ की स्थापना कर उन्होंने महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने की दिशा में कार्य शुरू किया। संस्था के माध्यम से महिला समूहों को दोना-पत्तल, डिस्पोजेबल ग्लास निर्माण सहित विभिन्न गतिविधियों का प्रशिक्षण और सहयोग दिया गया।

प्रियंका ने सैनिटरी नैपकिन यूनिट की स्थापना कर किशोरियों को स्वास्थ्य एवं स्वच्छता के प्रति जागरूक किया। पीएमईजीपी और मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना के माध्यम से करीब 650 लोगों को स्वरोजगार से जोड़ने में सहयोग किया, जबकि 200 से अधिक महिलाओं को सिलाई प्रशिक्षण दिया। इसके अलावा पौड़ी में स्वास्थ्य शिविर आयोजित कर 600 से अधिक लोगों को निःशुल्क स्वास्थ्य जांच और दवाएं भी उपलब्ध कराईं।

पांच आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को मिला सम्मान

जनपद के विभिन्न विकासखंडों से चयनित पांच आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को भी उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए सम्मानित किया गया। इनमें नैनीडांडा के जमनधार आंगनबाड़ी केंद्र की दर्शनी देवी, दुगड्डा के नयाबाद-2 केंद्र की माधुरी देवी, पाबौ के बुरांसी केंद्र की संगीता देवी, पोखड़ा के चोपड़ा केंद्र की तुलसी तथा बीरोंखाल के सुकई केंद्र की रेनू देवी शामिल हैं।

इन कार्यकत्रियों ने अपने-अपने आंगनबाड़ी केंद्रों में शाला पूर्व शिक्षा के नियमित संचालन, बच्चों के वजन एवं लंबाई की निगरानी, पोषण दिवस एवं स्वास्थ्य-पोषण शिक्षा दिवस के आयोजन तथा गर्भवती, धात्री महिलाओं और बच्चों की नियमित स्वास्थ्य जांच एवं टीकाकरण सुनिश्चित कराने में प्रभावी भूमिका निभाई।

इसके साथ ही पोषण ट्रैकर एप पर लाभार्थियों का विवरण अद्यतन करने, नंदा गौरा योजना, मुख्यमंत्री महालक्ष्मी किट वितरण सहित विभिन्न विभागीय योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में भी इनकी भूमिका सराहनीय रही।

जिला कार्यक्रम अधिकारी देवेंद्र थपलियाल ने बताया कि प्रियंका पंत थपलियाल ने महिला सशक्तिकरण, कौशल विकास और महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य किया है। उनके प्रयास महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रियंका का कार्य अन्य महिलाओं के लिए प्रेरणादायी है। वहीं, पांच विकासखंडों से चयनित आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को भी उत्कृष्ट सेवाओं और विभागीय दायित्वों के प्रभावी निर्वहन के लिए सम्मानित किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *