देहरादून

घन्ना भाई का 73वां जन्मदिन ‘लोक हास्य दिवस’ के रूप में मनाया

घन्ना भाई स्मृति सम्मान-2026 में विभिन्न क्षेत्रों की 10 विभूतियां सम्मानित, ‘खाडू लापता’ ने खूब गुदगुदाया

देहरादून। प्रसिद्ध हास्य कलाकार स्वर्गीय घनानंद ‘घन्ना भाई’ का 73वां जन्मदिन मंगलवार को ‘लोक हास्य दिवस’ के रूप में मनाया गया। संस्कृति विभाग के रिस्पना पुल स्थित प्रेक्षागृह में आयोजित कार्यक्रम में घन्ना भाई फाउंडेशन की ओर से घन्ना भाई स्मृति सम्मान-2026 प्रदान किया गया। कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। कार्यक्रम में घन्ना भाई के पुत्र सुशांत, निशांत और प्रशांत सहित परिवार के सदस्य मौजूद रहे।

समारोह में चिकित्सा, शिक्षा, साहित्य, लोककला और संस्कृति के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाली विभूतियों को सम्मानित किया गया। चिकित्सा के क्षेत्र में सीएमआई अस्पताल के डॉ. जैन और शिक्षा के क्षेत्र में एडवोकेट ललित मोहन जोशी को सम्मान प्रदान किया गया। वहीं गढ़रत्न नरेंद्र सिंह नेगी, जागर सम्राट डॉ. प्रीतम भरतवाण, प्रताप सिंह पंवार, किशना बगोट, आचार्य सुरेंद्र प्रसाद सुंदरियाल, दिनेश चमोली और लोक गायिका मीना राणा को भी सम्मानित किया गया।

घन्ना भाई की बेबाकी को किया याद

गढ़रत्न नरेंद्र सिंह नेगी ने घन्ना भाई से जुड़ी पुरानी स्मृतियां साझा करते हुए कहा कि वह बहुत जल्दी सभी को छोड़कर चले गए। उन्होंने दिवंगत कलाकार की आत्मा की शांति की कामना की।

जागर सम्राट डॉ. प्रीतम भरतवाण ने कहा कि घन्ना भाई बेबाक कलाकार थे। वह अपनी बात सीधे कहने से नहीं हिचकते थे। अपनी आलोचना को स्वीकार कर गलती सुधारने का प्रयास करते थे। उन्होंने कहा कि लोकभाषा, साहित्य और संस्कृति की रक्षा ही घन्ना भाई को सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

घन्ना भाई के बचपन के मित्र एसएस रावत ने उनके रंगमंचीय जीवन के संस्मरण सुनाए। उन्होंने रामरतन काला, घन्ना भाई और ढौंठियाल की जुगलबंदी को याद करते हुए कहा कि तीनों कलाकारों की प्रस्तुति का कोई जवाब नहीं था। घन्ना भाई अच्छे कलाकार के साथ ही बेहतर इंसान भी थे और हर वर्ग में उनके प्रशंसक थे।

‘खाडू लापता’ ने बिखेरा हास्य

कार्यक्रम में ललित मोहन थपलियाल द्वारा रचित हास्य नाटक ‘खाडू लापता’ का मंचन किया गया। अरविंद नेगी के निर्देशन में हुए नाटक में कुलानंद घनसेला, मदनमोहन डुकलान, गोकुल पंवार, सुनील, परमानंद, अरविंद नेगी और दीपक व्यास ने विभिन्न भूमिकाएं निभाईं। कलाकारों के हास्य संवादों ने दर्शकों को खूब गुदगुदाया।

हास्य कलाकार किशना बगोट और संदीप छिलबट ने हास्य कविताएं प्रस्तुत कर दर्शकों को खूब हंसाया। कार्यक्रम में संतोष खेतवाल, अरुण फरासी, कांता प्रसाद और दिनेश चमोली सहित कलाकार, साहित्यकार और संस्कृति प्रेमी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *