पौड़ी

मुख्यमंत्री के जनसेवा अभियान का द्वारीखाल में समापन, 182 प्रकरणों में अधिकांश का मौके पर निस्तारण

द्वारीखाल/पौड़ी गढ़वाल। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशन में 4 से 19 जुलाई तक संचालित ‘सेवा, सुशासन एवं समर्पण–जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ अभियान का समापन रविवार को विकासखंड द्वारीखाल में आयोजित बहुउद्देशीय जनसेवा शिविर के साथ हुआ। शिविर में विभिन्न विभागों से संबंधित 182 आवेदन एवं प्रकरण प्राप्त हुए, जिनमें अधिकांश का मौके पर ही निस्तारण किया गया। वहीं 495 ग्रामीणों ने विभिन्न सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ उठाया।

शिविर का शुभारंभ उत्तराखंड गौ सेवा आयोग के उपाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह कंडारी ने किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देशन में सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम छोर तक बैठे पात्र व्यक्ति तक सरल, पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से पहुंचाया जा रहा है। जनसेवा शिविरों से लोगों को सरकारी कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ रहे हैं तथा अधिकांश समस्याओं का समाधान मौके पर ही हो रहा है।

शिविर के दौरान कृषि एवं उद्यान विभाग ने 16 लाभार्थियों को उर्वरक एवं कृषि यंत्र वितरित किए। ग्रामोत्थान एवं एनआरएलएम के माध्यम से 24 स्वयं सहायता समूहों और लाभार्थियों ने लगभग 10 हजार रुपये के उत्पादों का विक्रय किया। बाल विकास विभाग ने दो लाभार्थियों को महालक्ष्मी किट प्रदान की। स्वास्थ्य विभाग ने 60 तथा आयुष विभाग ने 25 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कर निःशुल्क दवाइयां वितरित कीं।

राजस्व विभाग ने चार लोगों को आय, जाति और निवास प्रमाण-पत्र सहित अन्य राजस्व सेवाएं उपलब्ध कराईं। समाज कल्याण विभाग ने 15 पात्र व्यक्तियों का दिव्यांग, विधवा एवं वृद्धावस्था पेंशन संबंधी सत्यापन किया। पशुपालन विभाग ने गोट वैली (बकरीपालन) योजना के तहत आठ लाभार्थियों को चेक वितरित किए।

इस अवसर पर सिंचाई सलाहकार समिति के उपाध्यक्ष ऋषि कंडवाल, ब्लॉक प्रमुख बीना राणा, ज्येष्ठ उप प्रमुख नीलम नैथानी, जिला पंचायत सदस्य महेंद्र राणा, विक्रम सिंह बिष्ट एवं अर्जुन सिंह नेगी, विधायक प्रतिनिधि जयपाल सिंह, खंड विकास अधिकारी जयकृत बिष्ट, विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी, जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *