पौड़ी

स्वास्थ्य सेवाओं के सशक्तीकरण से बदली पौड़ी गढ़वाल की तस्वीर

पौड़ी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में जनपद पौड़ी गढ़वाल में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने के लिए चिकित्सा अवसंरचना का तेजी से विस्तार किया जा रहा है। आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं और जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन से अब दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों तक भी गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं पहुंच रही हैं।
जिले में थलीसैंण उपजिला चिकित्सालय का निर्माण कार्य प्रगति पर है। प्रधानमंत्री आयुष्मान भारत हेल्थ इंफ्रास्ट्रक्चर मिशन के तहत दो ब्लॉक पब्लिक हेल्थ यूनिट संचालित हैं, जबकि सात नई इकाइयों का निर्माण जारी है। जिला चिकित्सालय में डिस्ट्रिक्ट इंटीग्रेटेड पब्लिक हेल्थ लैबोरेट्री भी स्थापित की जा रही है।


ग्रामीण स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए 151 स्वास्थ्य उपकेंद्रों को आयुष्मान आरोग्य मंदिर के रूप में विकसित किया गया है, जहां 12 प्रकार की समग्र स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों की तैनाती से गांवों में उपचार और स्वास्थ्य परामर्श की गुणवत्ता में सुधार आया है।
मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं में भी उल्लेखनीय प्रगति हुई है। वर्ष 2019-20 में जहां केवल 3 चिकित्सा इकाइयों में अल्ट्रासाउंड सुविधा थी, अब यह बढ़कर 9 इकाइयों तक पहुंच गई है। ‘खुशियों की सवारी’ योजना के तहत गर्भवती महिलाओं को सुरक्षित परिवहन और संस्थागत प्रसव की सुविधा मिल रही है।
आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं का भी विस्तार हुआ है। 108 एम्बुलेंस सेवा 17 स्थानों से बढ़कर 28 स्थानों तक पहुंच गई है, जबकि 11 ‘खुशियों की सवारी’ वाहन भी संचालित किए जा रहे हैं।
स्वास्थ्य सूचकांकों में भी सुधार दर्ज किया गया है। मातृ मृत्यु दर 113 से घटकर 91, शिशु मृत्यु दर 34 से घटकर 27, संस्थागत प्रसव 63 प्रतिशत से बढ़कर 92 प्रतिशत तथा लिंगानुपात 941 से बढ़कर 956 हो गया है। वहीं, गर्भ पंजीकरण, एएनसी जांच और टीकाकरण के आंकड़ों में भी उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है।
मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. शिव मोहन शुक्ला ने बताया कि चिकित्सकों और विशेषज्ञों की नियुक्ति के साथ स्वास्थ्य संस्थानों में आवश्यक मानव संसाधन उपलब्ध कराया जा रहा है। साथ ही, दूरस्थ क्षेत्रों में नियमित विशेषज्ञ चिकित्सा शिविर आयोजित कर ग्रामीणों को स्थानीय स्तर पर बेहतर उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है।
स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि सरकार की विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए अभियान स्तर पर कार्य किया जा रहा है। आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं और मजबूत चिकित्सा ढांचे के माध्यम से जनपद पौड़ी गढ़वाल “स्वस्थ पौड़ी, सशक्त उत्तराखण्ड” के लक्ष्य की ओर लगातार अग्रसर है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *