पिथौरागढ़ में 130 इन्फैंट्री बटालियन (टीए) की भर्ती रैली 3 अगस्त से, 8 अगस्त तक चलेगी चयन प्रक्रिया
पौड़ी गढ़वाल। 130 इन्फैंट्री बटालियन (टीए) पर्यावरण कुमाऊं द्वारा पूर्व सैनिकों एवं पात्र अभ्यर्थियों के लिए 3 अगस्त से 8 अगस्त 2026 तक भर्ती रैली का आयोजन किया जाएगा। भर्ती रैली का आयोजन पिथौरागढ़ के देवकठिया मैदान में प्रतिदिन सुबह 6:00 बजे से किया जाएगा।
कमान अधिकारी, 130 इन्फैंट्री बटालियन (टीए) पर्यावरण कुमाऊं ने बताया कि भर्ती कार्यक्रम के अनुसार 3 अगस्त को अभ्यर्थियों के मूल दस्तावेजों की जांच की जाएगी। इसके बाद 4 अगस्त को शारीरिक दक्षता परीक्षा आयोजित होगी। शारीरिक परीक्षा में सफल होने वाले अभ्यर्थियों का 5 अगस्त से 8 अगस्त के बीच मेडिकल परीक्षण और साक्षात्कार कराया जाएगा।

उन्होंने बताया कि भर्ती रैली के माध्यम से सिपाही (सामान्य ड्यूटी) सहित विभिन्न ट्रेडों के पदों पर भर्ती की जाएगी। सिपाही (सामान्य ड्यूटी) के पद के लिए केवल उत्तराखंड के मूल निवासी पात्र होंगे, जबकि अन्य ट्रेडों के लिए देशभर के भूतपूर्व सैनिक एवं भूतपूर्व सैनिक ट्रेड्समैन आवेदन कर सकेंगे।
कमान अधिकारी ने सभी अभ्यर्थियों से निर्धारित तिथि एवं समय पर आवश्यक मूल प्रमाण-पत्र, पहचान संबंधी दस्तावेज तथा अन्य आवश्यक अभिलेखों के साथ भर्ती स्थल पर उपस्थित होने की अपील की है। उन्होंने स्पष्ट किया कि पूरी भर्ती प्रक्रिया निष्पक्ष, पारदर्शी एवं निर्धारित नियमों के अनुरूप संपन्न कराई जाएगी।
उन्होंने अभ्यर्थियों से किसी भी प्रकार की अफवाह या दलालों के झांसे में न आने की भी सलाह देते हुए कहा कि भर्ती पूरी तरह योग्यता और निर्धारित मानकों के आधार पर होगी। इच्छुक अभ्यर्थी समय से तैयारी कर सभी आवश्यक दस्तावेजों के साथ निर्धारित तिथि पर भर्ती स्थल पर पहुंचें।
