पौड़ी

देहरादून में नव निर्मित सैन्यधाम के उद्घाटन में शामिल होंगे पूर्व सैनिक, वीर नारियां और आश्रित, पंजीकरण शुरू

लैंसडौन/पौड़ी गढ़वाल। देहरादून में नव निर्मित सैन्यधाम के प्रस्तावित उद्घाटन समारोह में जनपद लैंसडौन (गढ़वाल) के पूर्व सैनिकों, वीर नारियों एवं सैनिक आश्रितों की सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास कार्यालय, लैंसडौन द्वारा पंजीकरण प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इच्छुक पूर्व सैनिक, वीर नारियां एवं सैनिक आश्रित 20 जुलाई 2026 तक अपना पंजीकरण करा सकते हैं।

जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास अधिकारी शिव प्रसाद सती ने बताया कि अगस्त अथवा सितंबर 2026 में देहरादून स्थित नव निर्मित सैन्यधाम का उद्घाटन भारत सरकार के रक्षा मंत्री द्वारा किया जाना प्रस्तावित है। इस अवसर पर जनपद के पूर्व सैनिकों, वीर नारियों और सैनिक आश्रितों को सैन्यधाम के भ्रमण का अवसर प्रदान किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि प्रस्तावित भ्रमण कार्यक्रम तीन से चार दिनों का होगा। इस दौरान प्रतिभागियों के आवागमन, आवास और भोजन की संपूर्ण व्यवस्था उत्तराखंड सरकार द्वारा की जाएगी। कार्यक्रम के सफल संचालन के लिए सभी इच्छुक लाभार्थियों से निर्धारित समय सीमा के भीतर पंजीकरण कराने का अनुरोध किया गया है।

जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास अधिकारी ने बताया कि सैन्यधाम उत्तराखंड के वीर सैनिकों के शौर्य, बलिदान और गौरवशाली सैन्य परंपरा को समर्पित एक महत्वपूर्ण स्मारक है। इसके उद्घाटन समारोह में शामिल होकर पूर्व सैनिक और उनके परिजन इस ऐतिहासिक अवसर के साक्षी बन सकेंगे।

पंजीकरण एवं अन्य जानकारी के लिए इच्छुक व्यक्ति जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास कार्यालय, लैंसडौन से संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा सहायक अधिकारी महेन्द्र सिंह रावत, कनिष्ठ सहायक राजे सिंह रावत तथा रमेश सिंह गुसाईं से भी कार्यक्रम संबंधी आवश्यक जानकारी प्राप्त की जा सकती है।

जिला प्रशासन और सैनिक कल्याण विभाग ने जनपद के सभी पात्र पूर्व सैनिकों, वीर नारियों और सैनिक आश्रितों से समय रहते पंजीकरण कराने की अपील की है, ताकि उन्हें इस विशेष कार्यक्रम में शामिल होने का अवसर मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *