पौड़ी

जनता मिलन में 25 शिकायतों की सुनवाई, अधिकांश मामलों का मौके पर हुआ समाधान

पौड़ी। कलेक्ट्रेट सभागार में अपर जिलाधिकारी एफ.आर. चौहान की अध्यक्षता में आयोजित जनता मिलन कार्यक्रम में विभिन्न विभागों से संबंधित 25 शिकायतें दर्ज की गईं। अधिकांश शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया गया, जबकि शेष मामलों में संबंधित विभागों के अधिकारियों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

जनसुनवाई के दौरान ग्राम स्वीत की उषा देवी ने क्षतिग्रस्त सिंचाई नहर के पुनर्निर्माण और स्वीत-गहड़ मोटर मार्ग के डामरीकरण की मांग की। इस पर लघु सिंचाई विभाग एवं लोक निर्माण विभाग को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

नगर पालिका पौड़ी, ग्वाड़, जसकोट और धूलेत क्षेत्र के लोगों ने पेयजल संकट की समस्या उठाई। अपर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को स्थलीय निरीक्षण कर नियमित पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने तथा स्थायी समाधान के लिए कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए।

वार्ड-4 के सभासद अरविंद रावत ने डीएवी स्कूल के समीप सड़क के ऊपर झुके पेड़ से दुर्घटना की आशंका जताई, जबकि भैंसवाड़ा निवासी राजपाल सिंह रावत ने वनाग्नि में क्षतिग्रस्त फलदार पेड़ों के मुआवजे की मांग की। दोनों मामलों में वन विभाग को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

सामाजिक कार्यकर्ता त्रिलोक सिंह रावत ने मानव-वन्यजीव संघर्ष की बढ़ती घटनाओं के मद्देनजर वन्यजीव संरक्षण अधिनियम में संशोधन तथा बाजारों में फल एवं सब्जी विक्रेताओं द्वारा रेट लिस्ट प्रदर्शित किए जाने की मांग रखी। इस पर जिला पूर्ति अधिकारी एवं नगर पालिका को नियमानुसार कार्रवाई करने को कहा गया।

इसके अलावा सड़क मरम्मत, मोटर मार्गों पर सुरक्षा कार्य, भूमि सीमांकन, अतिक्रमण हटाने सहित अन्य जनसमस्याओं पर भी संबंधित विभागों को प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

जनता मिलन के दौरान कल्जीखाल ब्लॉक के ग्राम सूला निवासी रजनी देवी की पेयजल समस्या का मौके पर समाधान किया गया। जल संस्थान की टीम ने निरीक्षण में पाइपलाइन का कंट्रोलर (फैरूल) चोक पाया, जिसे तत्काल ठीक कर तीन-चार परिवारों की बाधित जलापूर्ति सुचारु कर दी गई।

बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे और जनसमस्याओं के त्वरित समाधान के लिए समन्वित कार्रवाई पर जोर दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *