पौड़ी

साम्प्रदायिक घृणा फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग

सामाजिक संगठनों व राजनीतिक दलों के प्रतिनिधिमंडल ने डीएम और एसएसपी को सौंपा ज्ञापन, हेट स्पीच मामलों में त्वरित कार्रवाई की उठाई मांग

देहरादून। विभिन्न सामाजिक संगठनों एवं राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने गुरुवार को जिलाधिकारी आशीष चौहान और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेन्द्र डोबाल से मुलाकात कर साम्प्रदायिक घृणा फैलाने वाले तत्वों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। प्रतिनिधिमंडल ने आरोप लगाया कि जिले में कुछ लोग लगातार नफरत फैलाने वाले बयान दे रहे हैं, लेकिन उनके विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई नहीं हो रही है।

प्रतिनिधियों ने अधिकारियों को बताया कि यदि ऐसे तत्वों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो उन्हें सड़कों पर उतरकर आंदोलन करने के लिए बाध्य होना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि कोटद्वार से लेकर बैरागीवाला तक कई घटनाओं के वीडियो सार्वजनिक हैं, जिनमें कुछ लोग कथित रूप से भड़काऊ और नफरत फैलाने वाली बयानबाजी करते दिखाई देते हैं।

जिलाधिकारी आशीष चौहान ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि मामले की जानकारी जुटाकर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। वहीं एसएसपी प्रमेन्द्र डोबाल ने बताया कि एक व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच की जा रही है तथा अन्य मामलों में भी आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

प्रतिनिधिमंडल ने अधिकारियों को ज्ञापन सौंपते हुए बैरागीवाला में विनोद कुमार हत्याकांड के सभी आरोपियों की गिरफ्तारी और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। ज्ञापन में कहा गया कि घटना के बाद कुछ लोगों ने माहौल को साम्प्रदायिक रंग देने और भड़काऊ बयान देने का प्रयास किया, जिससे सामाजिक सौहार्द प्रभावित होने की आशंका बनी।

ज्ञापन में सर्वोच्च न्यायालय के उस निर्देश का भी उल्लेख किया गया, जिसमें हेट स्पीच के मामलों में पुलिस को स्वतः संज्ञान लेकर कार्रवाई करने की बात कही गई है। प्रतिनिधिमंडल ने मांग की कि घृणा फैलाने वाले बयानों के मामलों में निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

प्रतिनिधिमंडल में उत्तराखंड महिला मंच की कमला पंत, निर्मला बिष्ट, विमला कोली, मंजू बलौदी, उत्तराखंड इंसानियत मंच के हरिओम पाली, त्रिलोचन भट्ट, भारत ज्ञान-विज्ञान समिति के कमलेश खंतवाल, चेतना आंदोलन के राजेंद्र शाह, सीपीआई (माले) के इंद्रेश मैखुरी, सीपीएम के राजेंद्र पुरोहित, कांग्रेस की सुजाता पॉल, पवन क्षेत्री सहित विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *